भास्कर न्यूज| धमतरी गरियाबंद से 2 दंतैल हाथी पैरी नदी पार कर धमतरी के जंगल में घुस आए हैं। हाथियों के नदी पार करने की तस्वीरें सामने आई हैं। इसके बाद वन विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। विभाग ने 10 गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। दोनों हाथी धमतरी की सीमा पर घूम रहे हैं। वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। गांव-गांव जाकर लोगों को जंगल की ओर न जाने की चेतावनी दी जा रही है। हथबंद, उत्तर सिंगपुर, जलकुंभी, रेंगाडीह, परसाबुड़ा, राजाडेरा गांव के लोगों को जंगल की ओर जाने से रोका गया है। कोरगांव, मडेली, चारभांठा, बकोरी, बूढ़ाराव, बानियातोरा और सोनपैरी में भी लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। गरियाबंद के जंगलों में लंबे समय से हाथियों का झुंड डेरा डाले हुए है। यह इलाका हाथियों के लिए अनुकूल माना जाता है। अब 2 दंतैल हाथियों के धमतरी पहुंचने से वन विभाग ने कर्मचारियों को निगरानी में ड्यूटी लगाया है। कोटवार और वनकर्मी लगातार ग्रामीणों को जागरूक कर रहे हैं। इधर सांकरा रेंज में भी घूम कर रहे हैं 3 दंतैल हाथी इधर 3 दंतैल हाथी सीतानदी-उदंती टाइगर रिजर्व के साकंरा परिक्षेत्र में देखे गए। ये हाथी सिकासेर दल के हैं। इनकी मौजूदगी मसानडबरा बीट के कक्ष क्रमांक 126 में दर्ज की गई। यह इलाका अरसीकन्हार सर्कल के अंतर्गत आता है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए मसानडबरा, गीतकारमुड़ा, ठेनही, घोरागांव, निराबेड़ा और फारसिया गांवों को अलर्ट किया है। हाथियों ने तेंदू, जड़ी-फल, माहुल बेल की छाल, पत्ता, जड़, छींद और अन्य वनस्पतियां खाईं। वन विभाग ने लोगों से जंगल की ओर न जाने, सतर्क रहने और एक-दूसरे को सचेत करने की अपील की है।


