भास्कर न्यूज| महासमुंद मोर दुआर साय सरकार अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) प्लस 2.0 के पात्र हितग्राहियों के चिह्नांकन के लिए प्रदेशभर में चल रहे आवास सर्वेक्षण कार्य के दूसरे दिन बुधवार को कलेक्टर विनय लंगेह व जिला पंचायत के सीईओ एस आलोक ने पिथौरा विकासखंड के ग्राम पंचायत कसहीबाहरा व परसापाली में सर्वेक्षण कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर लंगेह ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों व सर्वेयरों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी पात्र परिवारों का सर्वे निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि यह कार्य जितना सटीक और समयबद्ध होगा, उतनी ही तेजी से वास्तविक लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। कलेक्टर लंगेह ने हितग्राहियों के घर जाकर सर्वे की जानकारी ली व उन्हें योजना के उद्देश्य और लाभों के बारे में बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत किया जा रहा सर्वेक्षण पूरी तरह निशुल्क है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति इस सर्वेक्षण के बदले धनराशि की मांग करता है, तो इसकी सूचना दें। दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जनपद सीईओ सीपी मनहर मौजूद थे।


