सीएम ने ​कहा-:बस्तर अब पिछड़ेपन का प्रतीक नहीं, नए भारत की संभावनाओं का प्रवेश द्वार बन रहा

अपने दो दिनों के बस्तर प्रवास के दूसरे दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कलेक्टोरेट में संभागस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अफसरों को योजनाओं का शत-प्रतिशत तरीके से अंतिम व्यक्ति तक फायदा दिलवाने काम करते हुए लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस्तर के विकास की यात्रा अब ठहराव नहीं, बल्कि निरंतर गति की मांग कर रही है। बस्तर अब पिछड़ेपन का प्रतीक नहीं, नए भारत की संभावनाओं का प्रवेश द्वार बन रहा है। हर गांव, हर परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े, यही सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने युवाओं को सबसे बड़ी पूंजी बताते कहा कि युवाओं को स्वाभिमानी बनाकर बस्तर को चमकता सूर्य बनाना है। साय ने कहा कि बस्तर में शांति की स्थापना का सपना जल्द ही साकार होता दिख रहा है, क्योंकि यहां युवा अफसरों की टीम विकास के लिए संकल्पित है। 31 मार्च 2026 तक नक्सलमुक्त बस्तर के संकल्प को दोहराते हुए सुरक्षा बलों के साहस, समर्पण और रणनीति के साथ काम करना बड़ी उपलब्धि बताया। शिक्षा सत्र के शुरू होने के साथ ही जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को समयबद्ध और सरल करने का प्रयास भी किया जा रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता और सुविधाओं को दुरूस्त रखने की बात कही। बैठक में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, डीजीपी अरूण देव गौतम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, पीसीसीएफ श्रीनिवास राव, आईजी सुंदरराज पी. सहित कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, डीएफओ, जिपं सीईओ, निगम आयुक्त सहित अन्य विभागीय अफसर मौजूद थे। आयुष्मान व आधार कार्ड बनाने विशेष अभियान चलाने निर्देश, संभाग में 95.89 फीसदी घरों तक पहुंची बिजली
बैठक में संभागायुक्त डोमन सिंह ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 87.24 प्रतिशत और आधार कार्ड निर्माण में 96.37 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री ने आयुष्मान और आधार कार्ड में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने विशेष अभियान चलाने कहा। अंदरूनी क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या के समाधान की कार्ययोजना के साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा विद्युतीकरण में 95.89 प्रतिशत घरों में बिजली पहुंचने की जानकारी अफसरों ने दी। इनमें कांकेर जिले में शत-प्रतिशत और बस्तर व कोंडागांव में 99 फीसदी काम पूरा हो चुका है। दिसंबर तक पूरे बस्तर संभाग में काम पूरा करने के निर्देश सीएम ने दिए। जगदलपुर-रायपुर के बीच फिर शुरू होगी विमान सेवा
जगदलपुर-रायपुर के बीच बंद पड़ी विमान सेवा को दोबारा जल्द शुरू करने की बात मुख्यमंत्री साय ने कही है। उन्होंने बताया कि उड़ान 2.0 के तहत जगदलपुर से रायपुर के बीच विमान सेवा को शुरू करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। वहीं रावघाट रेललाइन निर्माण करने भी जल्द ही मंजूरी मिल जाएगी, जिसके बाद रेललाइन विस्तार भी शुरू हो जाएगा। समाज, संघ-संगठनों के प्रतिनिधियों से मिले सीएम
मंगलवार को मुख्यमंत्री साय ने सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम किया। इस दौरान देर शाम उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों से चर्चा की। इसमें माहरा समाज, विश्वकर्मा समाज, कंवर समाज, बस्तर किसान संघ, नगर निगम के पार्षद, बिजली कंपनी के कार्यालयीन कर्मचारी संघ सहित अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों से सीएम को अवगत करवाया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *