नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी के आरोपपत्र दाखिल करने के खिलाफ कांग्रेस ने कड़ा ऐतराज जताया है। इसके विरोध में बुधवार को कांग्रेस नेताओं ने ईडी के खिलाफ पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रायपुर के राजीव गांधी चौक पर आयोजित धरना में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पूरा देश जानता है कि गांधी परिवार ने इस देश के लिए अपना सब कुछ नहीं न्यौछावर कर दिया। भाजपा सरकार कांग्रेस को दबाने और कांग्रेसियों काे बदनाम करने की साजिश कर रही है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि ईडी सत्ता की गुलाम बन चुकी है इसे भंग कर दिया जाना चाहिये। सोनिया गांधी, राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की चार्जशीट मोदी के डर को दिखाता है। जिस मुखरता से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, मोदी सरकार को लगातार कटघरे में खड़ा कर रहे हैं जनता की आवाज उठा रहे हैं उससे घबरा कर मोदी सरकार ने ईडी के माध्यम से यह षड़यंत्र रचा है। वह सोच रही है कि ईडी, सीबीआई, आईटी और सुरक्षाबलों को आगे कर कांग्रेस के द्वारा जनता के हित में उठाये जाने वाली आवाज को दबा देंगे। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव ने कहा कि भाजपा के दबाव में आकर ईडी द्वारा सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई और चार्जशीट दायर करने की जितनी निंदा की जाए कम है। गांधी परिवार ने सदा देशहित में कार्य किए हैं। शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा कि भाजपा सरकार तानाशाही रवैये पर उतर गई है। ईडी के ऊपर दबाव बनाकर विपक्ष के नेताओं की आवाज दबाने का कार्य कर रही है लेकिन कांग्रेस के कार्यकर्ता उनकी इस तानाशाही रवैये से डरने वाले नहीं।


