भास्कर न्यूज | गरियाबंद कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी ब्लॉकों में पर्याप्त संख्या में डाटा एंट्री ऑपरेटर तैनात कर त्रुटिरहित एंट्री कराई जाए। संबंधित विभागों को ऑनलाइन आवेदन भेजने के बाद मूल आवेदन भी विभागों को भेजे जाए। कलेक्टर ने सक्त हिदायत दी कि किसी भी स्तर पर आवेदन लंबित न रहे। इसके लिए एसडीएम और जनपद पंचायत सीईओ नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुशासन तिहार में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में राजस्व पखवाड़ा के तहत गांवों में आयोजित हो रहे राजस्व शिविरों की भी जानकारी ली गई। कलेक्टर ने तय तिथि पर शिविर लगाने और लोगों की समस्याओं का गंभीरता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों से ग्रामीणों को लाभ मिले, यह सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर ने जल संरक्षण और जल प्रबंधन को लेकर विभागों को समन्वय कर जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए। गांवों में बैठकें और गतिविधियां कर लोगों को जल बचाने के उपायों की जानकारी देने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अपूर्ण और प्रगतिरत आवासों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। पीएम जनमन आवास योजना के तहत बन रहे मकानों को भी प्राथमिकता में लेकर पूरा करने कहा। उन्होंने जिले की सभी उचित मूल्य की दुकानों के वार्षिक भौतिक सत्यापन की जानकारी ली। कलेक्टर ने सभी अधिकारी कर्मचारियों को बायोमेट्रिक माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं के सेचुरेशन, संग्रहण केंद्रों से शत-प्रतिशत धान उठाव, ई-केवाईसी, फार्मर रजिस्ट्री, अनुकंपा नियुक्ति, जाति और निवास प्रमाण पत्र बनाने सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ जीआर मरकाम, अपर कलेक्टर प्रकाश राजपूत, नवीन भगत, एसडीएम, जनपद सीईओ और जिला अधिकारी मौजूद रहे।


