भास्कर न्यूज | पटना ग्राम पंचायत छिंदिया में सोमवार की रात 10:30 बजे किसान महेन्द्र कुशवाहा के घर में आग लग गई। आग शॉर्ट सर्किट से लगी। तेज हवा के कारण आग ने तेजी से पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर से लपटें निकलने लगीं। परिवार के लोग चीखने लगे। शोर सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर बैकुंठपुर से तहसीलदार प्रतीक जायसवाल पहुंचे। उनके प्रयास से फायर ब्रिगेड भी आई। लेकिन तब तक पूरा घर जल चुका था। घर में रखी सुपर स्प्लेंडर बाइक, धान, टेंट डेकोरेशन का सामान, कपड़े, खाट, पलंग, खाद्य सामग्री, सीट, कंड़ी, कोरई, गोला और मयार सब जलकर राख हो गया। महेन्द्र कुशवाहा ने बताया कि आग से करीब 12 लाख रुपए की क्षति हुई है। आग इतनी तेजी से फैली कि पड़ोसी के घर तक पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से आग को बुझाया गया। सूचना तहसीलदार पटना, विद्युत विभाग पटना, जिला प्रशासन और विधायक भइया लाल राजवाड़े को दी गई है। गांव वालों ने प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग की है। किसान का सबकुछ जलकर राख हो गया। जली हुई बाइक व अन्य सामान।


