लुधियाना|कमिश्नरेट पुलिस ने 150 क्राइम व ड्रग स्पॉट चिन्हित किए हैं, जिनमें आने वाले समय में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इससे पुलिस को क्राइम ग्राफ घटाने और नशा तस्करी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा पुलिस के क्विक रिस्पॉन्स के लिए सेफ सिटी कैमरे नैटवर्क, वायरलेस संचार, कंट्रोल रूम और 112 हेल्पलाइन को एक साथ कमांड सेंटर से जोड़ दिया है। बुधवार को पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने इस बारे में जानकारी दी। सीपी ने बताया कि इन सभी यूनिट्स को एक साथ जोड़ा गया है। इनकी क्षमता को भी बढ़ाया गया है। सीपी ने बताया कि सड़क दुर्घटना, ट्रैफिक जाम और छोटे-मोटे अपराधों को तुरंत कार्रवाई के लिए यह सब किया गया है। इस इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से शहर के 1700 सीसीटीवी कैमरों को जोड़ा गया है। शहर के बनाए गए 8 जोनों के लिए यहां पर 8 और कर्मियों को तैनात किया गया है। जो सीसीटीवी कैमरों पर जोन की मॉनिटरिंग करेंगे। यहां से वह स्क्रीन पर देखकर तुरंत जोन इंचार्ज को सूचित करेंगे, जो टीम के साथ तुरंत कार्रवाई करेंगे।


