राजस्थान बीजेपी प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि विकसित भारत बिना मुसलमानों के संभव नहीं है। सारे मोर्चे अल्पसंख्यक मोर्चे के साथ लगेंगे। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- सच्चर कमेटी की रिपोर्ट का सही अर्थ वक्फ के नए कानून में निहित है। कमेटी की रिपोर्ट में वक्फ में करप्शन का जिक्र था। वक्फ का नया कानून पारदर्शिता पूर्ण है। सच्चर कमेटी ने कांग्रेस राज में सबको बताया था कि जिन संपत्तियों पर अतिक्रमण हुआ, उसे खाली कराएं। लेकिन, कांग्रेस सरकार ने कमेटी की रिपोर्ट पर कुछ नहीं किया। जबकि वक्फ में लूट का रास्ता और प्रशस्त कर दिया। अग्रवाल बीजेपी कार्यालय में वक्फ संशोधन कानून को लेकर आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में बोल रहे थे। अग्रवाल ने कहा- राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने नेशनल हेराल्ड मामले में जितना छल-कपट किया है, उतना आज तक नहीं हुआ। बिच्छू की तरह वक्फ की संपत्तियों पर मार रहा डंक
अग्रवाल ने ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव मो.फजलुर रहीम मुजद्दिदी पर निशाना साधते हुए कहा कि फजलुर रहीम ने वक्फ की संपत्तियों पर कब्जे कर कॉलोनी काट दी। जयपुर में जामिया तुल हिदाया से जुड़े हैं। हजारों बीघा जमीन पर अवैध रूप से अतिक्रमण किया। वे बिच्छू की तरह वक्फ संपत्तियों पर डंक मार रहा है। मुस्लिम वर्ग के हितों को देखते हुए संशोधन किया
बीजेपी प्रदेश प्रभारी ने कहा- 2014 में पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के बाद संसाधनों पर पहला हक गरीब को दिया गया, जिसमें मुस्लिम समाज को भी लाभ मिला। देश के 15 फीसदी मुस्लिम को पीएम आवास योजना में 31%, उज्ज्वला योजना में 37% और मुद्रा योजना में 36% लाभ मिला। लेकिन, वक्फ की संपत्तियों पर मुस्लिम समाज के भूमाफियाओं ने कब्जा कर रखा था। संपत्ति में बढ़ोतरी हुई। लेकिन, इनकम में बढ़ोतरी नहीं हुई। जिससे मुस्लिम समाज का गरीब ठगा जा रहा था। बीजेपी ने गरीब मुस्लिम वर्ग के हितों को देखते हुए ये संशोधन किया है। कांग्रेस ने अपने आर्थिक स्वार्थ को लेकर जिनको लूटा, उनको ही भड़का रही है। ऐसे में बीजेपी जन जागरण अभियान के माध्यम से मुस्लिम समाज को ये सब बताएगी। हर घर में पुराने बिल और संशोधन में अंतर की पुस्तक बांटी जाएगी
अग्रवाल ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा वक्फ को लेकर जागरण अभियान पत्रक हर घर पहुंचाया जाएगा। 2013 के बिल में क्या था और संशोधन क्या किया। 16 पेज की पुस्तिका भी वितरित की जाएगी। यह पुस्तक मुस्लिम बुद्धिजीवी वर्ग के बीच वितरित की जाएगी। इसमें डॉक्टर, वकील, CA, शिक्षक जैसे बुद्धिजीवी शामिल हैं। इसके साथ ही सरकारी स्तर पर विज्ञापन भी जारी किए जाएंगे। राहुल-सोनिया ने नेशनल हेराल्ड मामले में किया छल-कपट
अग्रवाल ने कहा- राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने नेशनल हेराल्ड मामले में जितना छल, कपट किया है, उतना आज तक नहीं हुआ। ऐसा करने पर वो फंसेंगे नहीं तो, कहां जाएंगे। अग्रवाल ने राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि मन को भुलाए रखने को ख्याल अच्छा है। लेकिन, अब कांग्रेस कभी शासन में नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसा कानून लाने को तैयार है। जिसमें ये साफ लिखा है कि लूट की खुली छूट सिर्फ गांधी परिवार को है। बंगाल हिंसा पर चिंता जताते हुए अग्रवाल ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार बंगाल में प्रेसिडेंट रूल लगाए या न लगाए। लेकिन, वहां की जनता ने लगा दिया है। बंगाल की जनता अब ममता बनर्जी को वोट नहीं देगी। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी अब हारी हुई जुआरी है। वह अपनी अंतिम राजनैतिक पारी खेल रही है, जिसमें वो 30 फीसदी वोट को बचाने में जुटी है। इसके साथ ही उन्होंने बंगाल में हो रही हिंसा को लेकर सीधा आरोप टीएमसी के नेताओं पर लगाया है।


