छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शेयर ट्रेडिंग और प्रॉपर्टी में निवेश के नाम पर लोगों को झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले शातिर ठग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांजगीर-चांपा की पुलिस ने 21 साल के ठग को रायगढ़ से अरेस्ट किया है। आरोपी ने जांजगीर-चांपा के व्यक्ति के साथ 1.24 करोड़ रुपये की ठगी की थी। आरोपी सेमिनार के जरिए शेयर मार्केट में ट्रेडिंग और खरीदी बिक्री में पैसा लगाकर मोटे मुनाफे का लालच देकर लोगों से निवेश करवाता था। मामले में पीड़ित रामप्रसाद यादव ने आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी से उनकी मुलाकात एक सेमिनार में हुई थी। पीयूष के लुभावने ऑफर में आकर उन्होंने अलग-अलग खातों और नगद के जरिए कुल 1.24 करोड़ रुपये दिए। लेकिन न तो उन्हें जमीन मिली और न ही शेयर ट्रेडिंग का कोई फायदा हुआ। जब रामप्रसाद ने रकम वापस मांगने की कोशिश की, तो आरोपी द्वारा दिए गए चेक भी बाउंस हो गए। आरोपी ने कई लोगों को बनाया शिकार पुलिस ने रायगढ़ के पलगड़ा क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने कई अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगा है। पुलिस ने आरोपी से जमीन के दस्तावेज, दो चार पहिया वाहन, तीन मोबाइल और एक लैपटॉप जब्त किए हैं। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों और अन्य लेनदेन की जांच कर रही है। साथ ही इस धोखाधड़ी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। ठगी के पैसों से खरीदी गई संपत्ति को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर मारपीट का मामला भी दर्ज है। पहले से है आरोपी पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज वहीं, पीयूष जायसवाल पर इससे पहले भी बम्हनीडीह थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज है और वह फिलहाल जमानत पर बाहर था। सोशल मीडिया से सीखी शेयर ट्रेडिंग, फिर शुरू किया ठगी का खेल पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के माता-पिता दोनों शिक्षाकर्मी हैं। उसने लॉकडाउन के दौरान सोशल मीडिया से शेयर ट्रेडिंग सीखा। शुरुआत में दोस्तों से उधार लेकर उसने ट्रेडिंग शुरू की और मुनाफा होने पर उधार चुका दिया। इससे उसका आत्मविश्वास बढ़ा और उसने बड़ा खेल खेलने की योजना बनाई। बाद में वह प्रॉपर्टी का काम भी करने लगा और सेमिनार आयोजित कर लोगों को शेयर ट्रेडिंग और प्रॉपर्टी में निवेश के नाम कर डबल प्रॉफिट का लालच देता था।


