कलेक्ट्रेट में राष्ट्रपति और पीएम के नाम दिया ज्ञापन

भास्कर न्यूज | कवर्धा मध्यप्रदेश के नीमच जिले के कछाला गांव में जैन संतों पर हुए हमले के विरोध में गुरुवार को कवर्धा में सकल जैन श्री संघ कवर्धा ने जनाक्रोश बाइक रैली निकाली। अध्यक्ष नेमीचंद श्रीश्रीमाल के नेतृत्व में रैली जैन स्थानक भवन से शुरू हुई। रैली गुरु नानक गेट, महावीर स्तंभ चौक, भारत माता चौक होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंची। कछाला गांव में 17 अप्रैल की रात जैन संत शैलेश मुनि, बलभद्र मुनि और मुनेंद्र मुनि बजरंगबली मंदिर परिसर में विश्राम कर रहे थे। देर रात 5 से 6 नशे में धुत असामाजिक तत्व वहां पहुंचे। उन्होंने संतों से पैसों की मांग की। संतों ने अपरिग्रही होने के कारण असमर्थता जताई। हमलावरों ने डंडे और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। तीनों संत गंभीर रूप से घायल हो गए। संतों ने महावीर के सिद्धांतों का पालन करते हुए आरोपियों को क्षमा करने की भावना जताई। इस अमानवीय घटना की देशभर में निंदा हो रही है। कवर्धा में निकली रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। भीषण गर्मी के बावजूद सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और युवा रैली में शामिल हुए। मातृशक्ति सबसे आगे चल रही थी। जनाक्रोश रैली में साधु-संतों से दुर्व्यवहार नहीं चलेगा, मुनि भगवंत का अपमान नहीं सहेंगे जैसे नारे गूंजते रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *