राजस्थान पुलिस के 76वें स्थापना दिवस के अवसर पर पुलिस द्वारा जिला स्तर पर बच्चों के लिए आयोजित की गई क्विज प्रतियोगिता के बाद गुरुवार को संभाग स्तर पर हुई। पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रथम चरण में 15 अप्रैल को कमिश्नरेट के चारों जिलों में 100 स्कूलों के 663 बच्चों ने भाग लिया। हर जिले में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आने वाले प्रतिभागियों को 2000, 1500 व 1000 रुपए व 5 जनों को सांत्वना पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र दिया। जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर आने वाले और सांत्वना पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को संभाग स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में आमंत्रित किया। इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों से राजस्थान पुलिस के बारे में सामान्य जानकारी, साइबर क्राइम, महिला सुरक्षा, पुलिस संगठन-सरचना, नवीन आपराधिक कानून, राजकॉप एप व यातायात नियमों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। 4 प्रतिभागी शिवानी प्रिया, तनिषा, दानिश, अंकित योगी, राहुल, रश्मि व तनीषा को पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। समारोह में एडिशनल कमिश्नर योगेश दाधीच, डीसीपी तेजस्वनी गौतम, कॉर्डिनेटर एडिशनल डीसीपी रणवीर सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। आरपीए में सांस्कृतिक संध्या व बड़ा-खाना राजस्थान पुलिस के 76वें स्थापना दिवस समारोह के तीसरे और अंतिम दिन गुरुवार को राजस्थान पुलिस अकादमी में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। राहगीर उर्फ सुनील कुमार गुर्जर के कविता पाठ, अशोक शर्मा ब्रज होली मंडली डीग भरतपुर की प्रस्तुति, रौनक एंड मोहित एंड पार्टी का इंस्ट्रूमेंट वादन और मधु भाट के राजस्थानी एवं बॉलीवुड गायन ने उपस्थित जनसैलाब को झूमने पर मजबूर किया। लोगों ने बड़े खाने का आनंद भी लिया। कार्यक्रम में सांसद मंजू शर्मा, मुख्य सचिव सुधांश पंत, डीजीपी यूआर साहू, पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ सहित पुलिस मुख्यालय के अधिकारी और रिटायर्ड अधिकारी परिवार के साथ मौजूद रहे।


