पुलिस कस्टडी में मोबाइल पर बात कर रहा था हिस्ट्रीशीटर:1 ASI और 2 कॉन्स्टेबल सस्पेंड; SUV में तोड़फोड़ कर 8.85 लाख रुपए लूटे थे

लूट और मारपीट के आरोपी हिस्ट्रीशीटर का पुलिस कस्टडी में मोबाइल फोन पर बात करते हुए वीडियो सामने आया है। इसके बाद एसपी ने एक ASI और 2 कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। मामला सीकर के दादिया थाना इलाके का है। करीब 5 महीने पहले 10 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर ने शादी समारोह में जा रहे प्रॉपर्टी कारोबारी के दोस्त की फॉर्च्यूनर में तोड़फोड़ कर मारपीट की थी। 8.85 लाख रुपए भी लूट लिए थे। पुलिस ने 5 दिन पहले उसे जयपुर के मुरलीपुरा में घूमते हुए गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, 13 अप्रैल को हिस्ट्रीशीटर मनोज महला को जयपुर से पकड़कर लाए थे। कोर्ट ने रिमांड पर भेज दिया था। इसके बाद गुरुवार को पुलिस उसे पेशी के लिए सीकर कोर्ट में लेकर गई थी। इस दौरान कोर्ट परिसर में आरोपी ने किसी से मोबाइल पर बात की। जबकि पुलिसकर्मी उसके पास ही बैठे हुए थे। वहां मौजूद एक युवक ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया। कोर्ट ने मनोज को जेल भेज दिया है। सीकर एसपी भुवन भूषण यादव ने दादिया पुलिस थाने के ASI रोहिताश्व कुमार, कॉन्स्टेबल संदीप और किशोर को सस्पेंड किया है। मामले की जांच सीओ सिटी प्रशांत किरण को दी गई है। इधर, निलंबित ASI रोहिताश्व का कहना है कि आरोपी मनोज ने उन्हें कहा था कि मुझे मेरे वकील से बात करनी है। ऐसे में वहां मौजूद पुलिस ने किसी आदमी के मोबाइल से मनोज की उसके वकील से बात करवाई थी। बदमाशों ने गाड़ी में तोड़फोड़ की, फायर भी किया
पुलिस ने बताया- 25 नवंबर, 2024 को प्रॉपर्टी कारोबारी श्रवण कुमार निवासी भादवासी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसमें बताया कि वह शाम के समय गुमाना का बास की तरफ ढाणी में शादी समारोह में शामिल होने गया था। उसके साथ दोस्त अशोक कुमार और सुरेश कुमार भी थे। सीकर-झुंझुनूं रोड से करीब 200 मीटर दूरी पर टीवीएस शोरूम से पहले 5 कैंपर और एक फॉर्च्यूनर गाड़ी खड़ी थी। इसमें करीब 15 बदमाश बैठे थे। इन बदमाशों ने पहले तो सुरेश की फॉर्च्यूनर के आगे कैंपर गाड़ियां लगाकर चारों तरफ से घेर लिया। फिर फॉर्च्यूनर को पूरी तरह से तोड़ दिया। गाड़ी को तोड़कर खाई में गिरा दिया। बदमाश रविंद्र कटेवा ने सुरेश पर पिस्टल से फायर किया। रविंद्र के साथ विकास, रोहित गिल, सोनू ढाका, संदीप गिल, मनोज महला भी था। इन लोगों ने सुरेश को पकड़कर अपनी कैंपर गाड़ी में डाल लिया और कुछ दूर आगे ले जाकर नीचे गिरा दिया। हिस्ट्रीशीटर पर 11 मामले दर्ज
आरोपी मनोज महला मूल रूप से झुंझुनूं के बलरिया इलाके का रहने वाला है। वह मुकुंदगढ़ पुलिस थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ 11 मामले दर्ज हैं। हालांकि दादिया पुलिस थाने में दर्ज मामले में अभी तक गैंग के मुख्य सरगना रविंद्र कटेवा सहित अन्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *