शेखावाटी में यमुना का पानी लाने के लिए डीपीआर बनने का काम शुरू हो गया है। इस बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 3 दिन के शेखावाटी दौरे पर है। मुख्यमंत्री ने सीकर जिले के श्रीमाधोपुर, खंडेला और दांतारामगढ़ विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया और लोगों से जल्द ही यमुना का पानी शेखावाटी को मिलने की बात कही। सीएम भजनलाल शर्मा ने बाजौर गांव में लोगों को दोनों हाथ खड़े करके भारत माता की जय बोलने को कहा। इस दौरान कुछ लोगों ने पंजा दिखाया तो सीएम ने कहा- ये पंजा मत दिखाइए। इस पंजे ने देश और प्रदेश को गंजा कर दिया है। सालासर बालाजी की मुष्टिका बांधो, फिर भारत माता की जय बोलो। सीएम ने कहा- कांग्रेस की आलू से सोना बनाने की मशीन तो मेरे पास नहीं है, लेकिन मैं यह कहना चाहता हूं कि मेरे शेखावाटी के लोगों को यमुना का पानी मिलेगा। किसान खेती करके फसल रूपी सोना उगाएंगे। आपका मन अच्छा है तो परमात्मा भी अच्छा करेगा। सीएम बोले- विपक्ष यमुना जल समझौता रद्द करना चाहता था
मुख्यमंत्री ने यमुना जल समझौते को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा- हमने चुनाव के दौरान कहा था कि शेखावाटी में यमुना का पानी लेकर आएंगे। हम योजना बना रहे थे, लेकिन बीच में हरियाणा के चुनाव आ गए तो काम रुक गया था। तब वह (विपक्ष) हमसे कहने लगे कि आपने इतने दिन में काम आगे नहीं बढ़ाया। भजनलाल शर्मा ने कहा- उनकी (विपक्ष) नीयत देखिए, उन्होंने घोषणा पत्र में लिख दिया था कि जब हरियाणा में हमारी सरकार आएगी तो राजस्थान से यमुना जल समझौता रद्द कर देंगे। तब मैंने कहा था समझौता तब रद्द करोगे, जब आपकी सरकार आएगी। किसी कीमत पर कांग्रेस की सरकार आने वाली नहीं है, क्योंकि शेखावाटी के लोगों के मन के भाव और आत्मा बोल रही थी कि हरियाणा में बीजेपी आएगी। सीएम ने कहा- जैसे ही हरियाणा के चुनाव हुए हमारी टास्क फोर्स का गठन हो गया। DPR बन रही है और शेखावाटी में यमुना का पानी आएगा और यहां के किसान को फायदा मिलेगा। हम संकल्प-पत्र के एक-एक वादे को पूरा करेंगे
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- विपक्ष ने कहा था कि हम सीएम के खिलाफ विशेष अधिकार लाएंगे। मैंने कहा कि किस बात का लाएंगे। यह भाजपा के कार्यकर्ता और किसान के बेटे की जुबान है। हम जो कहेंगे वो करके दिखाएंगे। हम चेहरा देखकर टीका लगाने वाले नहीं हैं। हम वो लोग है जो राजस्थान की 8 करोड़ जनता के लिए काम करना चाहते हैं। हम संकल्प पत्र के एक-एक वादे को पूरा करेंगे। 4100 क्यूसेक से ज्यादा पानी डबल इंजन की सरकार लेकर आई
मुख्यमंत्री ने कहा- ERCP योजना जो कितने दिनों से अटकी हुई थी, जिससे 3 करोड़ लोगों को पानी मिलना है। आपने देखा होगा कि हमारी सरकार के एक साल के कार्यक्रम पर पीएम नरेंद्र मोदी ने उसका शिलान्यास किया। 4100 क्यूसेक से ज्यादा पानी लाने का काम हमारी सरकार ने किया है। इसे कहते हैं डबल इंजन की सरकार। कांग्रेस के लोग मुंह देखकर टीका निकालते हैं
उन्होंने कहा- शेखावाटी का बेटा देश की सरहद पर ड्यूटी करता है और यहां का किसान खेत में मेहनत करके लोगों के लिए अनाज पैदा करता है। यहां के लोगों का ही भाव है कि हरियाणा में बीजेपी की सरकार आई। मुख्यमंत्री ने कहा- कांग्रेस के लोग मुंह देखकर टीका निकालते हैं। किस विधानसभा में कितना बजट देना है। वह सोचकर काम करते हैं। यहां के कई कांग्रेसी नेता केंद्र में मंत्री रहे हैं। 70 साल में यमुना का पानी नहीं ला सके। चुनाव आते हैं तो कांग्रेस के लोग निकलकर आते हैं
भजनलाल शर्मा ने कहा- पहले कांग्रेस की राजस्थान, हरियाणा और केंद्र में सरकार थी, फिर भी कुछ नहीं किया था। जब चुनाव आते हैं तो वह लोग निकलकर आते हैं। कोई जातिवाद की बात करता है, कोई धर्म की बात करता है। भाई तो अपना वह होता है, जो समय पर काम आता है, उसे भाई कहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा- जब मैं संगठन में काम करता था। तब सीकर, चूरू और झुंझुनूं का प्रभारी भी रहा। शेखावाटी राजस्थान के दिल की धड़कन है। कांग्रेस के लोग तो आलू से सोना बनाते हैं। देश की किसी भी सीमा पर चले जाइए। शेखावाटी का जवान आपको देश की सीमा की रक्षा करते हुए मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा- कोई चुनाव नहीं है। मैं आपके पास वोट के लिए नहीं आया हूं। मुझे कई लोगों ने कहा- साहब अभी गर्मी है गर्मी में कहां जाओगे। तब मैंने कहा- मैं शेखावाटी के लोगों के पास जाऊंगा। पिछले कार्यकाल में बिजली के लिए कोई काम नहीं किया
भजनलाल शर्मा ने कहा- कांग्रेस ने पिछले कार्यकाल में बिजली के लिए काम नहीं किया। हम परसों ही 975 मेगावाट क्षमता के प्लांट का उद्घाटन करके आए हैं। कांग्रेस के लोगों ने पेपर लीक करवाकर पिता-पुत्र के बीच खाई पैदा करने का काम किया। हमारे शासन में 16 महीने में कितने पेपर हुए हैं, लेकिन एक भी लीक नहीं हुआ। हमने 300 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया। इन लोगों ने कहा था कि 1 साल में एक नौकरी कैसे दोगे। तब हमने कहा था- डायरी पेन ले लीजिए, जैसे-जैसे नियुक्ति दें, लिखते रहना। अब तक इस साल में 79 हजार को नियुक्ति दे दी है। सीएम भजनलाल से गोविंद सिंह डोटासरा ने पूछे 10 सवाल
सीएम भजनलाल शर्मा के शेखावाटी दौरे के बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने 10 सवाल पूछे और सरकार पर तल्ख कमेंट किए हैं। डोटासरा ने लिखा- मुख्यमंत्री जी सिर्फ भाषण देने से विकास नहीं होगा, समग्र विकास के लिए रोडमैप बनाकर सबको साथ लेकर चलना पड़ता है। शेखावाटी की जनता के सवालों का जवाब जरूर दीजिए। पढ़ें पूरी खबर


