भास्कर न्यूज | साहिबगंज उपायुक्त हेमंत सती ने करम पहाड़ स्थित पहाड़िया आदिवासी कल्याण विद्यालय और एनजीओ द्वारा संचालित आदिवासी जनजातीय आवासीय प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्रों की उपस्थिति कम मिली। इस पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। इसके लिए अभिभावकों से संवाद बढ़ाए जाएं। निरीक्षण में उपायुक्त ने विद्यालय में बने मॉड्यूलर किचन की स्थिति देखी। निर्माण पूरा होने के बाद भी किचन चालू नहीं था। इस पर प्रधानाचार्य को फटकार लगाई गई। जल्द किचन शुरू करने का निर्देश दिया गया। भोजन की गुणवत्ता और भंडार कक्ष में रखे खाद्यान्न की स्थिति की भी जांच की गई। विद्यालय परिसर में वर्षों पुराना और जर्जर भवन मिला। उपायुक्त ने उसे तुरंत ध्वस्त करने का आदेश दिया। उन्होंने प्रधानाचार्य को निर्देश दिया कि छात्रों को जिले के साइंस सेंटर का भ्रमण कराया जाए। इससे बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित होगा। इसके बाद उपायुक्त ने एनजीओ द्वारा संचालित आदिवासी जनजातीय आवासीय प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। वहां की व्यवस्थाएं देखीं। शिक्षा, स्वच्छता, भोजन और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की बात कही। अधिकारियों को समय-समय पर विद्यालयों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। भास्कर न्यूज | दुमका समाहरणालय सभागार में जिला समन्वय समिति की बैठक उप विकास आयुक्त अभिजीत सिन्हा ने की । इसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने सभी विभागों को तय समय में योजनाएं पूरी करने का निर्देश दिया। बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं का निरीक्षण करने को कहा गया। जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि योग्य लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। मनरेगा और आवास योजना की समीक्षा के दौरान बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन योजना के कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। पीएम आवास योजना के लंबित निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने को कहा गया। कृषि विभाग में केवाईसी के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने, मुख्यमंत्री कृषि ऋण माफी योजना का लाभ किसानों तक पहुंचाने और केसीसी आवेदन को लेकर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत पशु वितरण में सुधार लाने की बात कही गई। शिक्षा विभाग को विद्यालयों में पेयजल, शौचालय और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। जर्जर भवनों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल को जल जीवन मिशन के तहत नल-जल योजना का लाभ हर घर तक पहुंचाने को कहा गया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि पेयजल की समस्या आम लोगों को न हो, इसके लिए जलमीनार जैसे सभी स्रोत चालू हालत में रहें। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2.0 और पीएम जनमन योजना के सर्वे कार्य को जल्द पूरा करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक भी योग्य लाभुक सर्वे से वंचित न रहे। खराब पड़े चापानलों और अन्य पेयजल स्रोतों को 15वें वित्त आयोग की राशि से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। जेएसएलपीएस के तहत हर गांव में दीदी की दुकान और सभी हाइवे पर दीदी का ढाबा खोलने का कार्य करने को कहा गया। बैठक में निदेशक आईटीडीए, अपर समाहर्ता, सभी विभागों के पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी मौजूद थे। सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा कर जरूरी निर्देश दिए गए।


