भास्कर न्यूज|लोहरदगा कांग्रेस कार्यालय राजेंद्र भवन में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी की जरूरी बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुखैर भगत ने की। झारखंड प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त जिला पर्यवेक्षक डॉ. राजेश कुमार गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में संगठन सृजन 2025 को लेकर चर्चा हुई। डॉ. गुप्ता ने कहा, कांग्रेस पार्टी ने इस साल को संगठन सृजन वर्ष घोषित किया है। तीन महीने तक यह अभियान चलेगा। बूथ स्तर से लेकर पंचायत, मंडल, प्रखंड और जिला कमेटी तक का गठन किया जाएगा। हर कमेटी में 12 पदाधिकारी होंगे। पुराने पदाधिकारी अगर सक्रिय हैं तो उन्हें रखा जाएगा। जो निष्क्रिय हैं, उन्हें हटाकर नए लोगों को जिम्मेदारी दी जाएगी। पार्टी के नीति और सिद्धांतों में आस्था रखने वालों को ही संगठन में जगह मिलेगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं चलेगी। हर स्तर पर सोशल मीडिया और मीडिया सेल भी बनेगा।जिला अध्यक्ष सुखैर भगत ने कहा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और राहुल गांधी का निर्देश है कि जो लोग पार्टी में रहकर उसे कमजोर करते हैं, उन्हें चिन्हित किया जाए। ऐसे लोगों को संगठन में कोई स्थान नहीं मिलेगा। जो नेता या कार्यकर्ता अपना बूथ नहीं जिता पाते, उन्हें भी जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। संगठन सृजन का काम लगातार तीन महीने तक चलेगा। बैठक में प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, प्रदेश सेवा दल के महासचिव प्रदीप विश्वकर्मा, संदीप कुमार गुप्ता, प्रखंड अध्यक्ष तनवीर गौहर, जुगल भगत, अनीस अहमद, युनुस अंसारी, सत्यदेव कुमार भगत, विनोद सिंह खैरवार, प्रखंड पर्यवेक्षक निश्चित जायसवाल, विशाल डुंगडुंग, राजू उरांव, ऐनूल अंसारी, श्यामुल अंसारी, डोमना उरांव, प्रकाश कुमरी उरांव, मुजाहिर अंसारी, रेहान अख्तर, रूपनारायण भगत, कबीर अंसारी, जफरुल अंसारी, विजय कुमार भगत, वीरेंद्र कुमार उरांव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे।


