भास्कर न्यूज | अमृतसर अखंड कीर्तनी जत्था के जत्थेदार बख्शीश सिंह ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार को लेकर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी को 10 पन्नों के सुझाव सौंपे । सुझाव पत्र में लिखा गया कि श्री अकाल तख़्त साहिब सिख संप्रभुता का केंद्र है। यहां से समय-समय पर खालसा पंथ को धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक चुनौतियों से निपटने की दिशा मिलती रही है। गुरमत के अनुसार, प्रत्येक सिख अकाल तख्त साहिब पर पंच प्रधानी द्वारा लिए गए निर्णयों को पूरे दिल से स्वीकार करता है। जत्थे ने कहा कि अकाल तख़्त साहिब की मौजूदा प्रबंधकीय स्थिति सिख पंथ के लिए चिंता का विषय है। जत्थे ने पंच प्रधानी प्रणाली, जत्थेदार की योग्यता, चयन प्रक्रिया, अधिकार, कार्यक्षेत्र, सेवा काल, सेवा मुक्ति, सहायक प्रबंधन ढांचे और खजाने से जुड़े विषयों पर सुझाव दिए हैं।


