भास्कर न्यूज | कोंडागांव प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत अब कोई भी पात्र हितग्राही घर से वंचित न रह जाए, इसके लिए कोंडागांव जिले में ‘मोर दुआर – साय सरकार महाअभियान’ के तहत एक विशेष सर्वेक्षण पखवाड़े की शुरुआत की गई है। इस महाअभियान के तहत आवास प्लस 2.0 सर्वे जारी है, जिसका उद्देश्य ऐसे परिवारों की पहचान करना है जिन्हें अब तक योजना का लाभ नहीं मिल पाया। इस सकारात्मक पहल के तहत ग्राम पंचायत बड़ेकनेरा में जनपद सदस्य फागेश्वरी कश्यप ने स्वयं पहुंचकर आवास सर्वेक्षण कार्य में भाग लिया और लोगों से संवाद कर उनकी जरूरतों को समझा। इस अवसर पर जनपद पंचायत सीईओ और ग्राम के सरपंच भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस कार्य को पारदर्शी और प्रभावशाली बनाने में सहयोग किया। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे अनेक परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो अब तक पक्के मकान के सपने को पूरा नहीं कर पाए थे।


