मनेंद्रगढ़ | नगर के हृदय स्थल में स्थित फौव्वारा चौक पिछले कई वर्षों से अतिक्रमण की चपेट में है। स्थानीय प्रशासन द्वारा समय-समय पर यहां से अतिक्रमण हटाने अभियान भी चलाया गया, लेकिन फौव्वारा चौक आज तक अतिक्रमण मुक्त नहीं हो सका है। नगर के हृदय स्थल में फौव्वारा चौक स्थित है। कुछ माह पहले नपा प्रशासन ने लाखों रुपए खर्च कर फौव्वारा का रख-रखाव किया है, लेकिन फौव्वारा के चारों ओर चाट-फुल्की के ठेले, फल और गन्ना रस सहित अन्य छोटे और मझोले कारोबारियों ने न केवल कब्जा कर रखा है, बल्कि कचरे और गंदगी से भी फौव्वारे को पाट रखा है, जिससे इसकी उपयोगिता समाप्त होकर रह गई है। वहीं फौव्वारे के पास अतिक्रमण और भारी भीड़ वाला क्षेत्र होने की वजह से छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं भी हो चुकी है। इसके अलावा शहर की यातायात व्यवस्था बदहाल होने की वजह से यहां कई मर्तबा आवागमन में भी लोगों को परेशान होते देखा गया है, लेकिन स्थानीय प्रशासन के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है कि वह यहां से स्थायी रूप से अतिक्रमण हटा सके।


