श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्वविद्यालय ने अपने पहले इंजीनियरिंग बैच (1999) के छात्रों के सम्मान में सिल्वर जुबली एलुमनी मीट का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में भारत और विदेश से लगभग 75 पूर्व छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद समन्वयक डॉ. कविता शर्मा ने संबोधित किया। उन्होंने इस बैच को पढ़ाने के अपने अनुभव साझा किए और पुराने दिनों की मधुर यादों को ताज़ा किया। कुलपति डॉ. उपिंदर धर ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने ऐसे आयोजनों के महत्व पर प्रकाश डाला, जो संबंधों को मजबूत करने और एक सशक्त समुदाय बनाने में सहायक होते हैं। डॉ. धर ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम वर्तमान छात्रों को प्रेरित करते हैं और विश्वविद्यालय की प्रगति एवं शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी। कुलाधिपति पुरुषोत्तमदास पसारी ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और विश्वविद्यालय द्वारा शैक्षिक उत्कृष्टता के लिए किए जा रहे प्रयासों की चर्चा की। पूर्व छात्रों ने उत्साहपूर्वक अपने कॉलेज के दिनों की यादें साझा कीं। अंत में कमलनारायण भुराडिया ने आभार व्यक्त किया।


