इन्वेस्टिगेशन:12वीं बोर्ड परीक्षा में पीओके को पाक का हिस्सा बताया, मानचित्र में अक्साई चिन को चीन का हिस्सा दिखाया

12वीं बोर्ड परीक्षा में विश्व के राजनैतिक मानचित्र से पूछे गए सवालों में भारत का गलत नक्शा प्रकाशित हो गया। यह नक्शा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे शिक्षकों ने टेक्निकल गलती करार दिया है। 12वीं बोर्ड का राजनीतिक विज्ञान का पेपर 28 मार्च को हुआ था। पेपर में विश्व के मानचित्र में भारत, जापान, फ्रांस और म्यांमार देश को अंकित करने का सवाल पूछा गया था। गौर से देखने पर पाक अधिकृत कश्मीर को भारत से अलग दर्शाया गया है। इसी प्रकार लद्दाख के अक्साई चिन को भी चीन में दिखाया गया है। भास्कर ने भूगोल और राजनीतिक विज्ञान के शिक्षकों से नक्शा वेरिफाई कराया तो बात सही पाई गई। नाम ना छापने की शर्त पर शिक्षकों ने बताया कि परीक्षा में दिया गया नक्शा टेक्निकल रूप से गलत है। लगता है माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में प्रश्न पत्र तैयार करने वाले व्याख्याताओं ने इंटरनेट से नक्शा उठाया है। बिना जांच पड़ताल के इसे प्रिंटिंग में भेज दिया गया, जबकि 12वीं के पाठ्यक्रम और बाजार में मिलने वाले संसार और भारत के मानचित्र में पीओके और अक्साई चिन दोनों को ही भारत का अंग दर्शाया गया है। दरअसल परीक्षा में संसार के मानचित्र में पीओके से संबंधित प्रश्न ना पूछे जाने के कारण उस वक्त यह गलती पकड़ में नहीं आई। परीक्षा खत्म होने के बाद जब शिक्षक कॉपियां जांचें लगे तो यह गड़बड़ी सामने आ गई। हालांकि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के पास इस संबंध में फिलहाल कोई ऑब्जेक्शन नहीं आया है। गौरतलब है कि गूगल पर विश्व के नक्शे में भारत का यह त्रुटि पूर्ण नक्शा दर्शाया हुआ है। जबकि भारत के अधिकृत नक्शे में पीओके और अक्साई चिन को भारत का अंग माना है। 28 मार्च को हुए पेपर में आया था सवाल 28 मार्च को हुए 12वीं के राजनीतिक विज्ञान विषय के पेपर में विघार्थियों से विश्व के राजनैतिक मानचित्र से संबंधित चार अंकों का एक प्रश्न पूछा गया था। प्रश्न में भारत, जापान, फ्रांस और म्यांमार को अंकित करना था। जबकि इसी प्रश्न के अथवा में दूसरे प्रश्न में विश्व के मानचित्र में चीन, ऑस्ट्रेलिया, नार्वे और जर्मनी को बताना था कि यह देश कहां पर हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *