दिल्ली-आगरा हाइवे पर हुआ हादसा:डंपर ने कार को टक्कर मारी, दूल्हे की 2 ममेरी बहनों की मौत, भाई और भाभी गंभीर घायल

डीग के गांव नाहरोली में शादी की खुशियों का माहौल था। शनिवार को लोग गाजियाबाद से दुल्हन का आने का इंतजार कर रहे थे। लेकिन दुल्हन के पहुंचने से पहले ही शादी की खुशियों को मातम में बदलने की सूचना गांव पहुंच गई। दुल्हन की विदाई करके लौट रही स्विफ्ट डिजायर कार को दिल्ली-आगरा हाईवे पर दोताना फ्लाईओवर के नजदीक रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में दूल्हे के मामा की लड़की दो सगी बहनों की मौत हो गई, जबकि दूल्हे का बड़ा भाई एवं भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए। । पुलिस ने घायलों को मथुरा के केडी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से दोनों को दिल्ली रेफर कर दिया गया। पति के दोनों हाथ और पैर सहित सिर में गंभीर चोट थी। पत्नी के पूरे शरीर में चोट होने के साथ ही आंते फट गई है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। दोनों बहनों ने इस वर्ष दी थी दसवीं की परीक्षा हादसे में मृतक दोनों सगी बहन अनु व प्रिया ने हाल में ही 10वीं बोर्ड की परीक्षा दी थी। पिता टेकचंद ने बताया कि उनकी पांच बेटियां व एक बेटा था। दो बेटियों की पूर्व में शादी कर चुके हैं। दो बहनों की एक साथ मृत्यु से परिवार में मातम पसर गया है। जय सिंह ने बताया कि अमर सिंह के बेटे नरेंद्र उर्फ निक्की की शादी 18 अप्रैल शुक्रवार को गाजियाबाद निवासी स्वाति से हुई थी। बारात डीग के नाहरोली से गाजियाबाद गई थी। शनिवार सुबह दुल्हन विदाई करके सभी लोग वापस लौट रहे थे। दूल्हे नरेंद्र का बड़ा भाई उमेश अपनी पत्नी शिवानी, और कोसीकलां के गांव सिरथला निवासी मामा टेकचंद की दो बेटियां 14 वर्षीय अनु और 15 वर्षीय प्रिया के साथ कार से नाहरोली लौट रहा था। छाता थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित दिल्ली-आगरा मार्ग पर दोताना फ्लाईओवर के समीप शनिवार सुबह साढ़े छह बजे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में चारों गंभीर घायल हो गए। चिकित्सकों ने दोनों सगी बहन अनु और प्रिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं उमेश व उनकी पत्नी शिवानी की हालत गंभीर होने पर दिल्ली रेफर कर दिया। छाता थाना प्रभारी विनोद बाबू मिश्र ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *