राजनांदगांव में फिट इंडिया मिशन के तहत रविवार को एक विशेष साइकिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारतीय खेल प्राधिकरण की यह पहल ‘खेलेगा इंडिया स्वस्थ रहेगा इंडिया’ के स्लोगन को साकार करने की दिशा में यह आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:30 बजे अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम से हुई। इसमें एसटीसी के करीब 100 छात्रों ने भाग लिया। साथ ही खेलो इंडिया सेंटर के कोच और एसटीसी राजनांदगांव के कर्मचारी भी मौजूद रहे। साइकिल यात्रा का मार्ग गौरव पथ से शुरू होकर ऑडिटोरियम और मेजर ध्यानचंद चौक होते हुए वापस हॉकी स्टेडियम तक रहा। मार्ग में अभिभावकों और खेल संघ के खिलाड़ियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के बाद सभी प्रतिभागियों को नाश्ता भी दिया गया। हर रविवार को होता है आयोजन कार्यक्रम में जितेंद्र सिंह राजपूत (दैनिक भास्कर डिजिटल), दीपंकर खोब्रागड़े (देशबंधु), तेजस वर्मा (नेहरू युवा केंद्र), शकील अहमद (राज्य खेलो इंडिया कोच) और के.सी. त्रिपाठी (केंद्र प्रभारी, एसटीसी) विशेष रूप से उपस्थित रहे। इन सभी ने छात्रों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन साईं हॉस्टल के प्रदीप शर्मा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह आयोजन हर रविवार को किया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है।


