राजसमंद जिले की मंडावर ग्राम पंचायत सरपंच (प्रशासक) प्यारी कुमारी का देश के 150 सरपंचों में चयन हुआ है। प्यारी कुमारी 22 अप्रेल को दिल्ली में क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया के सरपंच संवाद एवं जल शक्ति मंत्रालय के संयुक्त विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगी। देश के 150 सरपंच जिन्होंने अपने गांव के सर्वांगीण विकास के साथ नवाचारों, उन्नत प्रयासों के बलबूते अपने सशक्त गांव की आधारशिला रखी उनको कार्यक्रम में शामिल किया गया है। कार्यक्रम 22 अप्रेल को नई दिल्ली के स्टीन ऑडिटोरियम, इंडिया हैबिटैट सेंटर में होगा। जिले के भीम-देवगढ़ क्षेत्र से राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित व ग्राम पंचायत मण्डावर की तीन बार सरपंच बनी प्यारी कुमारी चौहान का चयन हुआ है। समारोह में स्वच्छ और सुजल ग्राम के लिए नेतृत्व के साथ जल सुरक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों में समग्र स्वच्छता पर फोकस रहेगा। कार्यक्रम में देशभर से चयनित 150 सरपंचों से जल शक्ति मंत्री व अधिकारी सीधा संवाद करेंगे। देश के चयनित सरपंच अपने-अपने गांव के विकास में अपनाई गई सर्वोत्तम प्रथाओं, अभियानों, नवाचारों की प्रस्तुति भी देंगे। इन चयनित ग्राम पंचायतों के सरपंच के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और जल जीवन मिशन के माध्यम से सुजल ग्रामों का रोडमैप भी तैयार होगा। ग्राम परिवर्तन में सरपंच की जनभागीदारी की भूमिका व जमीनी स्तर पर लागू करना शामिल है। प्यारी कुमारी चौहान को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए 50 से अधिक राष्ट्रीय, राज्य स्तर के सरकारी व गैर सरकारी अवॉर्ड से नवाजा जा चुका है।


