प्रॉपर्टी में ज्यादा हिस्सा नहीं दिया, दंपती की हत्या की:जोधपुर में आरोपी बाप-बेटे गिरफ्तार; घर में घुसकर किया था हमला

जोधपुर में बुजुर्ग दंपती की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बाप-बेटे ने प्रॉपर्टी के लिए डबल मर्डर को अंजाम दिया। घटना 31 मार्च को डांगियावास के बिसलपुर गांव की है। पुलिस ने शुक्रवार को हत्यारे बाप-बेटे को अरेस्ट किया। डांगियावास थानाधिकारी (प्रशिक्षु आईपीएस) आसिमा वासवानी ने बताया- शिकारगढ़ कन्हैया नगर निवासी घीसाराम (80) और भीखी देवी (75) की हत्या की गई थी। मामले में घीसाराम के बड़े बेटे सांवरराम (55) और पोते दिनेश (27) को अरेस्ट किया है। मामले में छोटे बेटे गंगाराम जाट (49) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। गंगाराम जाट ने रिपोर्ट में बताया था कि 31 मार्च की शाम 6 बजे उसके बड़े भाई सांवरराम का फोन आया। उसने कहा कि मां और पिता के साथ किसी ने मारपीट की है। दोनों गंभीर रूप से घायल है। दोनों को मथुरादास माथुर हॉस्पिटल लेकर आ रहे हैं। इस पर वह भी बेटे कुलदीप के साथ एमडीएम हॉस्पिटल पहुंचा। घटना के तीसरे दिन इलाज के दौरान भीखी देवी की मौत हो गई। वहीं 17 अप्रैल को पिता ने भी दम तोड़ दिया। माता-पिता से नाराज था बेटा
बुजुर्ग दंपती पर जहां हमला हुआ था, आस-पास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था। ऐसे में पुलिस के लिए हत्या की गुत्थी सुलझाना किसी चुनौती से कम नहीं था। बुजुर्ग दंपती के दो बेटे और एक बेटी है। बड़ा बेटा सांवरराम अपने परिवार के साथ गांव में रहता है। छोटा बेटा गंगाराम शिकारगढ़ में रहता है। जांच में पता चला कि घटना से कुछ दिन पहले ही गांव में जमाबंदी शिविर लगा था। बुजुर्ग ने अपनी ज्यादा जमीन छोटे बेटे गंगाराम के नाम करा दी थी। पुलिस को पता चला कि इस कारण बड़ा बेटा सांवरराम अपने माता-पिता से नाराज था। बेटे के साथ मिलकर किया था हमला
पुलिस ने सांवरराम को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने सच उगल दिया। माता-पिता को सबक सिखाने के लिए अपने बेटे दिनेश के साथ मिलकर हमला किया। अब पुलिस ने आरोपी सांवरराम और उसके बेटे दिनेश को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *