नागौर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार सरकारी टीचर और उसकी पत्नी को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सरकारी टीचर अस्पताल में पत्नी को दिखाकर घर लौट रहे थे। बाइक सवार दंपती को कुचलने के बाद ट्रेलर सड़क से नीचे उतर गया। ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मारने से पहले एक कंटेनर को भी टक्कर मारी थी, जिसके कारण वह पलट गया था। हादसा बीकानेर रोड स्थित गोगेलाव टोल नाके के पास शनिवार दोपहर को हुआ। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दंपती के शव कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवाया है। क्रेन की मदद से पलटे हुए वाहनों को सीधा किया गया। अब देखिए, हादसे से जुड़ी PHOTOS… अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरा ट्रेलर
सदर थानाधिकारी सुरेश कस्वां ने बताया- हादसे में सथेरण निवासी जगदीश विश्नोई और उनकी पत्नी बिंदु की मौत हो गई। दुर्घटना में ट्रेलर भी असंतुलित होकर सड़क से नीचे उतर गया। हादसे में ट्रेलर ड्राइवर भी घायल हो गया। सरकारी टीचर जगदीश विश्नोई अपनी पत्नी बिंदु का इलाज करवाने नागौर के एक अस्पताल में आए थे। दवाई लेकर वापस गांव जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया। दंपती के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा विकास बीए सेकेंड ईयर का छात्र है और छोटे बेटे अमन ने 12वीं बोर्ड का एग्जाम दिया है। हादसे में ट्रेलर चालक भी घायल हो गया है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनपुट सहयोग:- लालचंद सांखला


