दादरी में राजस्थान के युवक का पोस्टमार्टम:वाटर टैंक में डूबने से हुई थी मौत, भाई सऊदी अरब में, बकरी चराने आया था

चरखी दादरी में राजस्थान से आए युवक की मौत हो गई। शव का आज पोस्टमॉर्टम हुआ। दरअसल, भेड़-बकरियां चराने राजस्थान से आए 22 वर्षीय चरवाहे तौसीब की पैर फिसलने से वाटर टैंक में डूबकर दगडौली गांव में मौत हो गई थी। रविवार को मृतक के परिजन राजस्थान से दादरी सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। झोझू कलां थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है। कपड़े धोते समय पैर फिसलने से हुआ हादसा
तौसीब अपने तीन साथियों के साथ भेड़-बकरियां चराने के लिए राजस्थान के डिडवाना जिले से हरियाणा आया था। वे चरखी दादरी जिले के गांव दगड़ौली के खेतों में मवेशियों को चरा रहे थे। उसी दौरान शनिवार को वह और उसके साथी वहां बने वाटर रिचार्ज टैंक के पास कपड़े धो रहे थे। उसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह टैंक में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शनिवार शाम को चरखी दादरी सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया था। जहां आज शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। एक महीने पहले आया था हरियाणा
सिविल अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि तौसीब तीन भाइयों में सबसे छोटा था और वह अविवाहित था। उसके दो भाई सऊदी अरब में काम करते हैं। जबकि वह घर पर अपने माता-पिता के साथ रहता था। उसने करीब एक साल पहले ही भेड़-बकरियां पालनी शुरू की थी। वह एक महीने पहले ही राजस्थान से हरियाणा आया था और इस दौरान वह टैंक में डूब गया। इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की
शव का पोस्टमॉर्टम करवाने झोझू पुलिस थाना से सिविल अस्पताल पहुंचे। एएसआई सुनिल कुमार ने बताया कि मृतक के चाचा और ताऊ के लड़के के बयान दर्ज किए गए हैं। उनके बयानों के आधार पर पुलिस ने मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *