पिलानी में बोले सीएम-जल्द मिलेगा यमुना का पानी:कहा-हरियाणा से एमओयू हो चुका, टास्क फोर्स कर रही काम

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पिलानी में कहा कि शेखावाटी क्षेत्र को जल्द ही यमुना नहर का पानी मिलेगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए हरियाणा सरकार के साथ एमओयू किया जा चुका है। दोनों राज्यों के अधिकारियों की टास्क फोर्स इस योजना को धरातल पर लाने के लिए काम कर रही है। कांग्रेस पर साधा निशाना-बोले कांग्रेस ने 40 साल तक लागू नहीं किया समझौता
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 1994 में हुए नहर समझौते को कांग्रेस ने 40 साल तक लागू नहीं किया। कांग्रेस नेताओं ने इस मुद्दे पर सिर्फ राजनीति की। शर्मा ने बताया कि हरियाणा में विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में राजस्थान के साथ हुए समझौते को रद्द करने की बात कही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार बिना भेदभाव के काम कर रही है। पानी, बिजली, रोजगार और उद्योग के मुद्दों पर राज्य की 8 करोड़ जनता के लिए प्रयासरत है। उन्होंने जिले में पानी के लिए स्वीकृत बजट को 27.80 करोड़ से बढ़ाकर 35.70 करोड़ रुपए करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री शाम 4 बजे पिलानी पहुंचे। उनके साथ पीएचईडी मंत्री सुरेश रावत, स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा, जिला प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत और देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना भी मौजूद थे। भाजपा नेता राजेश दहिया ने अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में पानी नहीं है। पानी अब सिर्फ हमारी आंखों में ही बचा है। राजेश दहिया ने पिलानी के लिए कुंभाराम लिफ्ट कैनाल का पानी उपलब्ध करवाने के लिए ज्ञापन भी सौंपा। ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, जिलाध्यक्ष बनवारी लाल सैनी, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव सिंह शेखावत, पवन मावंडिया, पिलानी प्रधान बिरमा देवी, चिड़ावा प्रधान रोहिताश्व धांगड़, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरोज श्योराण, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष जयसिंह मांठ, पिलानी मंडल अध्यक्ष हर्षवर्द्धन सिंह शेखावत, चिड़ावा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र गिरधर, मंड्रेला मंडल अध्यक्ष ओम सोनी, मुरली मनोहर शर्मा, निशांत पापटान, नीतिका थालोर सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। 51 किलो की माला पहनाकर किया स्वागत
मुख्यमंत्री तय समय से 3 घंटे विलम्ब से पिलानी पहुंचे। सभास्थल पहुंचने पिलानी विधानसभा क्षेत्र के सभी 6 ब्लॉक कार्यकारिणी की ओर से मुख्यमंत्री को 51 किलो की माला व राजस्थानी साफा पहना कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन योगेन्द्र मिश्रा और कवि हरीश हिंदुस्तानी ने किया। सभा के बाद मुख्यमंत्री सीएसआईआर-सीरी पहुंचे जहां वे यमुना जल समझौते के लिए गठित टास्क फोर्स की बैठक ली। बाद में मुख्यमंत्री हेलिकॉप्टर से जयपुर के लिए रवाना हो गए। पहले उनका पिलानी में ही रात्रि विश्राम का कार्यक्रम था, लेकिन ऐन वक्त पर कार्यक्रम में परिवर्तन किया गया और कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पिलानी से रवाना हो गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *