भास्कर न्यूज | अमृतसरथाना कत्थूनंगल पुलिस ने सरपंच से 25 हजार रुपए रिश्वत लेने के मामले में एएसआई को काबू किया है। पकड़े गए आरोपी एएसआई की पहचान चमन लाल निवासी मजीठा के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में सरपंच जतिंदर सिंह निवासी गांव तलवंडी दसंधा ने बताया कि उसके गांव में बलकार सिंह के घर के बाहर 23 मार्च की रात 10.55 बजे 2 अज्ञात युवकों ने फायरिंग की थी। 21 मार्च को बलकार सिंह ने उसपर शक जताते हुए थाने में शिकायत दी तो एएसआई चमन लाल उसे हिरासत में लिया था। जांच में जब उसके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला तो एएसआई ने अज्ञात पर पर्चा दर्ज किया और उसे छोड़ दिया। एएसआई उसे फायरिंग के मामले फंसाने की धमकी देकर बार-बार परेशान करने लगा। आरोपी एएसआई ने अड्डा कत्थूनंगल पर उससे 5 हजार रुपए लिए । फिर 30 अप्रैल को उसके पेट्रोल पंप पर आकर 20 हजार रुपए ले गया, जिसकी सीसीटीवी वीडियो पुलिस को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी एएसआई को काबू कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हालांकि आरोपी एएसआई थाना कत्थूनंगल में तैनात था। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द कोर्ट में पेश किया जाएगा।


