बड़ी राहत: कबीरधाम कोे 2 नई दमकल गाड़ियां मिली

भास्कर न्यूज | कवर्धा भीषण गर्मी में आगजनी की घटनाएं बढ़ गई है। घटनाओं पर काबू पाने के लिए कबीरधाम जिले को दो नई अत्याधुनिक दमकल गाड़ियां मिलीं हैं। इनमें एक फोम वेंडर यूनिट है, जो जिले को पहली बार मिली है। इसकी कुल क्षमता 6000 लीटर है, जिसमें 500 लीटर फोम और 5500 लीटर पानी का टैंक है। दूसरी दमकल वाहन भी 6000 लीटर पानी की क्षमता वाली है। दोनों वाहन तकनीकी रूप से अत्याधुनिक हैं। कबीरधाम गन्ना उत्पादक क्षेत्र है, जहां गर्मी में आग लगने की घटनाएं होती हैं। मार्च 2025 में ही आगजनी की छोटी-बड़ी 44 घटनाएं हो चुकी है। यह विषय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष रखा गया। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 27 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी। हाल ही में मुख्यमंत्री ने 20 अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाई थी। नई दमकल गाड़ियों में फॉग और जेड ब्रांच तकनीक है, जिससे पानी की बचत के साथ आग पर जल्दी काबू पाया जा सकता है। 100 मीटर लंबी होज़ लाइन से उन जगहों तक पानी पहुंचाया जा सकता है, जहां वाहन नहीं पहुंच पाते। यह संकरी गलियों और ऊंचाई वाले इलाकों में उपयोगी है। हाइड्रोलिक लाइटिंग सिस्टम से रात में राहत कार्य आसान होता है। वाहन में स्ट्रेचर की सुविधा है, जिससे घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचा सकते हैं। अग्निशमन विभाग को हाईटेक बनाया जा रहा है। अत्याधुनिक दमकल वाहनों के साथ ही विभाग को ब्रीदिंग सेट दिए गए हैं। ब्रीदिंग सेट की मदद से आगजनी के घटना के दौरान रेस्क्यू टीम को आसानी होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *