चक्रधरपुर शहर में जलापूर्ति बाधित होने से नाराज महिलाओं ने सोमवार को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने चक्रधरपुर नगर परिषद कार्यालय के सामने चाईबासा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। पिछले एक महीने से शहर में जलापूर्ति की गंभीर समस्या बनी हुई है। मोटर की खराबी के कारण बार-बार पानी की आपूर्ति बाधित हो रही है। नगर परिषद इस समस्या के समाधान में कोई रुचि नहीं दिखा रही है। पूरे शहर में पानी की भारी किल्लत: पूर्व वार्ड पार्षद पूर्व वार्ड पार्षद लीला प्रसाद ने बताया कि पूरे शहर में पानी की भारी किल्लत है। विभाग को कई बार लिखित शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जनप्रतिनिधि राखी सालूजा ने कहा कि नगर परिषद हर साल बहाने बनाती रहती है। इसी कारण आज सड़क जाम के साथ नगर परिषद में तालाबंदी की गई है। विभाग को जनता के कल्याण से कोई लेना-देना नहीं: तौहीद आलम एक अन्य जनप्रतिनिधि तौहीद आलम ने कहा कि महिलाएं मजबूरी में सड़क पर उतरी हैं। विभाग को जनता के कल्याण से कोई लेना-देना नहीं है। अधिकारियों को केवल अपनी कुर्सी की चिंता है। इधर, प्रदर्शन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है।


