सांझी दीवार में बने छेदों में से ताका-झांकी करने के शक में पड़ोसियों ने एक युवक पर हमला कर दिया। युवक पर लाठियों व बैल्ट से वार किए। युवक को बचाने आए उसके भाई के साथ भी मारपीट कर चोटें मारी। इस संबंध में संगरिया पुलिस थाना में पति-पत्नी व बेटे सहित कई अन्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ताका-झांकी का आरोप पुलिस के अनुसार कृष्ण कुमार (25) पुत्र करनैल सिंह झींवर निवासी अमरपुरा जालू खाट तहसील संगरिया ने लिखित रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि उसके घर व पड़ोसी हेतराम नायक की दीवार सांझी है जो बीच-बीच में से खत्म हो चुकी है। दीवार के अन्दर छोटे-छोटे छेद हो चुके हैं। वह 14 अप्रैल को अपने घर में नहाने के लिए पानी की बाल्टी बाथरूम में रख रहा था। तभी मनीष पुत्र हेतराम, उसके पिता हेतराम व माता मंजू नायक ने शक के आधार पर उसके साथ गाली-गलौज करनी शुरू कर दी व कहने लगे कि वह दीवार के छेद में से उनके घर में ताका-झांकी करता है। काम तमाम करने की धमकी उसने हेतराम को कहा कि वह उसके घर की तरफ आकर देखे कि दीवार का क्या हाल है। उसने पहले ही उन्हें कहा था कि सांझी दीवार नई निकाल लेते हैं, लेकिन वे नहीं मान रहे हैं। उसे उनके पड़ोस में रहते 9-10 साल हो गए हैं, वह क्यों उनके घर की तरफ देखेगा। यह बात सुनते ही तीनों आग-बबूला हो गए। हेतराम फोन कर आदमी बुलाने की धमकी देने लगा व कहने लगा कि दीवार नहीं निकालेंगे। अब तो तुम्हारा घर ही खाली करवाएंगे। अभी मेरे बंदे आ रहे हैं। आज तेरा काम तमाम कर देंगे। इस पर वह अपने घर से निकलकर बाहर जा रहा था तो इतने में मनीष, उसके पिता हेतराम व माता मंजू ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए पीछा किया। वह वहां से भागकर अपने भाई के घर शाहपीनी चला गया व रोटी खाकर सो गया। दीवार फांदकर घर में घुसे बदमाश रात करीब 12 बजे मनीष व हेतराम अपने साथ शाहपीनी निवासी रूसिया नायक के दो पुत्रों व 5 अन्य व्यक्तियों को लेकर उसके भाई बबूल के घर की दीवार फांदकर घर के अंदर घुसकर उस पर लाठियों व बैल्ट से हमला कर दिया। मारपीट कर उसकी पीठ व हाथों पर चोटें मारी व जान से मारने की कोशिश की। शोर सुनकर उसका भाई व भाभी आए। इन लोगों ने उसके भाई के मुंह, आंख पर चोटें मारी। उसकी भाभी ने शोर मचाया तो यह लोग उसका फोन छीनकर अपनी मोटर साइकिल व अल्टो कार लेकर भाग गए। अगले दिन 15 अप्रैल की सुबह हेतराम ने उसे दोबारा से पीटने व पोक्सो एक्ट के झूठे मुकदमा में फंसाने की धमकी दी। पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश हैड कॉन्स्टेबल राजेश कुमार के सुपुर्द की है।


