तरनतारन फायरिंग केस में AGTF ने दो किए गिरफ्तार:गैंगस्टर प्रभ दासूवाल ने मांगी थी सरपंच से फिरौती; आरोपियों में एक नाबालिग

पंजाब की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तरनतारन जिले के वल्टोहा संदुआं गांव में हुए फायरिंग केस में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए व्यक्तियों में एक अजयदीप सिंह नामक युवक और एक नाबालिग शामिल है। दोनों पर 11 मार्च 2025 को सरपंच जरमल सिंह और उनके ड्राइवर पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। घटना उस समय हुई जब सरपंच जरमल सिंह और उनका ड्राइवर गांव वल्टोहा के पास अपनी गाड़ी में थे। तभी बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस हमले में दोनों घायल हो गए थे। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए थे। जांच में सामने आया कि ये मामला विदेश में बैठे गैंगस्टर प्रभजीत सिंह उर्फ प्रभ दासूवाल से जुड़ा हुआ है। मामले की जांच और गिरफ्तारी
डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने जानकारी दी कि घटना की गंभीरता को देखते हुए मामला थाना वल्टोहा में दर्ज किया गया और जांच AGTF को सौंप दी गई। जांच में सामने आया कि हमले के पीछे विदेश में बैठा गैंगस्टर प्रभजीत सिंह उर्फ प्रभ दासूवाल था, जिसने सरपंच से 30 लाख की फिरौती मांगी थी। पुलिस के अनुसार, हमला इसी धमकी के तहत डराने के उद्देश्य से करवाया गया। AGTF ने तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर अजयदीप सिंह और एक नाबालिग को धर दबोचा। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने हमले में अपनी भूमिका कबूल की है और कहा गया है कि उन्हें प्रभ दासूवाल के इशारे पर यह हमला करना पड़ा। विदेशी गैंगस्टर की भूमिका पर नजर
प्रभजीत सिंह उर्फ प्रभ दासूवाल वर्तमान में विदेश में रह रहा है और पंजाब में कई आपराधिक गतिविधियों को संचालित करने का आरोपी है। पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस करने और इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस के जरिए उसे पकड़वाने के लिए प्रयासरत है। AGTF अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि गैंगस्टर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान की जा सके। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह इलाके में कई अन्य लोगों को भी निशाना बनाने की फिराक में था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *