बिलासपुर के तखतपुर विकासखंड के खजुरीनवागांव में मिडिल स्कूल की मांग को लेकर सरपंच और ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में गुहार लगाई। ग्रामीणों ने बताया कि, गांव में 2011 से स्कूल भवन बना हुआ है। लेकिन अभी तक वहां मिडिल स्कूल शुरू नहीं हुई है। प्राथमिक शाला की पढ़ाई पूरी करने के बाद बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए नेशनल हाईवे से होकर देवरी और सकरी जाना पड़ता है। यह दूरी 6 किलोमीटर है। कलेक्टर अवनीश शरण ने इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जनदर्शन में यह मामले भी आए जनदर्शन में अन्य मामले भी सामने आए। घुटकु के सरपंच और ग्रामीणों ने पानी की समस्या बताई। कलेक्टर ने पीएचई विभाग के कार्यपालन अभियंता को समस्या का समाधान करने को कहा। मस्तूरी के ग्राम लोहर्सी निवासी ईश्वर डहरिया ने अपने घर के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार को हटाने की मांग की। कलेक्टर ने बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता को इस पर कार्रवाई के निर्देश दिए। 27 खोली निवासी बिजेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने अपने दिव्यांग बच्चे का स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में यूकेजी में प्रवेश की मांग की। कुरेली की रामेश्वरी यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान की मांग रखी।


