सोमवार को छत्तीसगढ़ कांग्रेस रायपुर में CM हाउस घेरने निकली। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार अपराध रोकने में विफल साबित हुई है और जनता डरी हुई है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु जनता के लिए मुख्यमंत्री बनकर नहीं, भक्षक बनकर काम कर रहे हैं। इसके बाद भाजपा सोशल मीडिया पर कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन आयोजन को ट्रोल कर रही है। भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने इस आयोजन को अपराधियों के गिरोह का आयोजन बता दिया। एकात्म परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्रीवास्तव ने कहा- कांग्रेस कार्यकर्ता भी नैतिक रूप से इस आंदोलन के पक्ष में नहीं थे और इसलिए अंतरात्मा की आवाज सुनकर कांग्रेस कार्यकर्ता इस आंदोलन में शरीक ही नहीं हुए। अपने पाँच वर्षों के शासनकाल में कांग्रेस ने अपराधियों के समान शासन चलाने वाली, अपराधियों की तरह व्यवहार करने वाली कांग्रेस आज कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रही है। श्रीवास्तव ने कहा- हमारी सरकार बनने के बाद जितने भी अपराध हुए हैं, उनमें बड़े अपराधो में कांग्रेस के नेताओं की संलिप्तता साबित हुई है। चाहे सरगुजा जिले के सूरजपुर में युवक कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप साहू ने सरगुजा में मां व बेटी की 13 अक्टूबर, 2024 को हत्या हो, चाहे गिरौदपुरी धाम को अपने राजनीतिक षड्यंत्र का केंद्र बनाकर बाद में उसी की आड़ में 11 जून, 2024 को बलौदाबाजार में कलेक्टर-एस पी कार्यालय जलाने की घटना हो जिसमें कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव जमानत पर हैं, बलौदाबाजार में जातीय विद्वेष फैलाने का काम किया।
कांग्रेस सरकार में उनका चहेता अधिकारी टामन सोनवानी जेल में है, इस बात का जवाब भी कांग्रेस दे। महादेव ऐप, जिसने छत्तीसगढ़ का भविष्य बर्बाद कर दिया, उस पर तत्कालीन मुख्यमंत्री पर आरोप लगा है, इस बात का कांग्रेस जवाब दे। कोल, डीएमएफ जैसे आर्थिक अपराध की आँच सचिवालय तक पहुँची और मुख्यमंत्री की तत्कालीन निज सचिब और चहेती अधिकारी आज जेल में है, इस पर कांग्रेस जवाब दे। कांग्रेस के कार्यकाल में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता के साथ कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में अभद्रता हुई, इस शर्मनाक विषय पर कांग्रेस को अपने मौन का जवाब देना चाहिए। इतना ही नहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के सचिव ने कांग्रेस नेत्री अर्चना गौतम के साथ अभद्रता की, पहले उस पर भी कांग्रेस जवाब दे। यह कांग्रेस का खुद को जिंदा रखने का उपक्रम
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता व विधायक अजय चंद्राकर ने सोमवार को अपने निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा है कि कांग्रेस को जिंदा रखना और जिंदा देखना, इसके लिए यह सब उपक्रम है और मेरी सहानुभूति है उनकी कोशिशों में। लोकतंत्र में हिस्सेदार बने रहेंगे छत्तीसगढ़ में विपक्ष की भूमिका निभाते रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व और बड़े नेता को लेकर हुए प्रश्न के उत्तर में चंद्राकर ने कहा कि ऐसा है कि बड़े आप लोग मानते हैं, बड़े नेता हैं नहीं कोई भी। पूरे प्रदेश में और पूरे देश में कोई नेता नहीं है और सिर्फ कांग्रेस के ही साथ नहीं, जितनी भी परिवारवादी पार्टियाँ हैं, उन सबके साथ परिवार के मुखिया लोग नेता हैं। वो कोई जननेता थोडे ही हैं! जनता की स्वीकृति प्राप्त होती है तो क्षेत्रीय नेता अपने दम पर बीच में कभी-कभी एकाध बार जीतकर आ जाते हैं। निरंतरता में कोई नहीं है। परिवारवादी पार्टी कांग्रेस भी है तो परिवारवादी पार्टी में कोई नेता नहीं। आप लोग किसी को भी बड़ा नेता मत बोला करिए।


