रेलवे कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड, अर्बन बैंक में नियुक्तियों को लेकर विवाद गहरा गया है। प्रदेश के रेल कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष नजीर अहमद ने बताया कि रेल कर्मियों के बैंक में भर्तियां बगैर नोटिफिकेशन जारी किए की जा रही हैं। रेलवे कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड अर्बन बैंक 117 साल पुरानी रेल कर्मचारियों का बैंक है। इसमें दक्षिण पूर्व रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे जैसे जोन के कर्मचारियों का खाता है। 13 मंडल में इसकी शाखाएं चलाई जा रही है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन में तीन, बिलासपुर और रायपुर, नागपुर में भी इस बैंक की शाखाएं हैं। अहमद ने बताया कि करीब 30 हजार शेयर होल्डर हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में रेलवे के कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी में 57 पद की नियुक्तियां बगैर नोटिफिकेशन जारी किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद पता चला कि सालों से यही परंपरा रही है। कर्मचारी संगठन इस भर्ती का विरोध कर रहे हैं। भविष्य में होने वाली नियुक्तियों काे नोटिफिकेशन के साथ ही करने की मांग सभी ने की है।


