कोंडागांव जिले के बफना ग्राम पंचायत में बिना अनुमति चर्च निर्माण को लेकर आदिवासी समाज में आक्रोश है। सरपंच और ग्रामीणों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में कुछ ईसाई धर्म के लोग रात के अंधेरे में अवैध रूप से चर्च का निर्माण करा रहे हैं। उनका कहना है कि इस गांव में पहले कभी चर्च नहीं था। चर्च के अवैध निर्माण से विवाद की आशंका बैजू राम, कमलोचन, फूलचंद, लखीराम, समलू राम और गोविंद समेत अन्य ग्रामीणों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि गांव में सभी जाति और समुदाय के लोग शांति से रहते हैं। लेकिन इस तरह के अवैध निर्माण से भविष्य में विवाद हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण कार्य को तुरंत रोकने की मांग की है। साथ ही जांच कर उचित कार्रवाई करने को कहा है। यह मामला न सिर्फ निर्माण का है, बल्कि धार्मिक और सामाजिक सद्भाव से भी जुड़ा है। समय रहते इस पर कार्रवाई जरूरी है।


