मैं प्रेमजाल में फंसा, इज्जत बचाने के लिए ब्लैकमेल होता रहा, साजिश में कांग्रेस का एक बड़ा नेता भी: संदीप शर्मा

भास्कर संवाददाता | चित्तौड़गढ़ 25 दिन पहले तक नगर परिषद सभापति रहे संदीप शर्मा इस पद पर रहते हुए ही किस तरह एक महिला के प्रेम जाल में फंस गए। फिर किस हद तक मानसिक प्रताड़ना व ब्लैकमेलिंग के शिकार होते गए। अब इसकी कहानी खुद उन्हीं की जुबानी सामने आई। उन्होंने शुक्रवार देर रात सदर थाने में महिला व उसके पति के खिलाफ एफआईआर करवाई। बिना नाम लिए पूरी साजिश में एक बड़े कांग्रेस नेता व बड़े जनप्रतिनिधि के शामिल होने का जिक्र भी किया। दो महीने से बहुचर्चित इस प्रकरण में यह तीसरी एफआईआर है। संदीप शर्मा की रिपोर्ट अनुसार वो बरसों से एनएसयूआई, युवक कांग्रेस कार्यकर्ता, पार्षद रहने के बाद 2019 से 24 तक नप सभापति रहे। चंदेरिया क्षेत्र से पार्षद बनने से इसी क्षेत्र की निवासी महिला अपने काम के समाधान के बहाने बार-बार मिलकर व्यवहार व नजदीकियां बढ़ाने लगी। औपचारिकता से आगे बढ़कर प्रोवोक कर उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। खुद की मर्जी से भावात्मक व शारीरिक संबंध बना लिए। धीरे-धीरे असली रंग दिखाते हुए किसी न किसी बहाने रुपए ऐंठने लगी। जब मैं उसके सम्मोहन से बाहर निकला और पैसे देने से मना करने लगा तो अंतरंग फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। मैं अपना पॉलिटिकल कॅरियर ध्वस्त होने के खतरे से सिहर उठा। इसका फायदा उठाते हुए पति-पत्नी ब्लैकमेल करते रहे। नकद व ऑनलाइन भी पैसे लिए। लाखों रुपए ऐंठने के बाद भी मन नहीं भरा। ब्लैकमेल कर शादी करने से लेकर और भारी भरकम डिमांड का सिलसिला तब तक चलता रहा, जब तक कि मैं गत 25 नवंबर तक सभापति पद पर रहा। संदीप शर्मा की रिपोर्ट पर पुलिस ने महिला व उसके पति के खिलाफ भी भादसं की धारा 384 में प्रकरण दर्ज कर लिया। मंगलसूत्र-मांग भरने का वीडियो 18 फरवरी 23 का और कोटा में शादी 16 सितंबर 2024 की… संदीप शर्मा के अनुसार महिला ने 18 फरवरी 2023 को उसे उदयपुर भेज मंगलसूत्र खरीदने को मजबूर किया। रात को चित्तौड़ में उसके होटल में आकर हंगामा किया। मंगलसूत्र पहनाने का दबाव बनाते हुए धमकाया कि ऐसा न करने पर नीचे खड़ा पति पुलिस को बुलाएगा। तेरे खिलाफ यौन शोषण, मारपीट व बंधक बनाने की रिपोर्ट होगी। मैंने घबराकर उसे मंगलसूत्र पहनाया व मांग में सिंदूर भरा। उसने खुद इसका वीडियो बनाया। फिर इसे मेरे परिवार को बताने व वायरल की धमकी दे ब्लैकमेल करते रहे। अब शादी करने का दबाव बनाया। ब्लैकमेल करते हुए इसके लिए दिल्ली आर्य समाज मंदिर में ले गई। वहां व्यवस्था नहीं हो पाई तो 16 सितंबर 2024 को कोटा ले जाकर दो पंडितों से जबरन शादी करवाई। संदीप ने रिपोर्ट में लिखा कि और मांगें पूरी नहीं करने पर और ब्लैकमेल व बदनाम करने के लिए महिला ने मेरे राजनीतिक विरोधियों के साथ मिलकर साजिश रची। इसमें एक बड़ा कांग्रेस नेता व एक बड़ा स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल है। दोनों के बिना नाम लिए कहा कि इसी दौरान फोटो व वीडियो मीडिया में वायरल हो गए तो महिला ने मांग रखी कि सभापति कार्यकाल पूरा होने से पूर्व उसे 5 करोड़ रुपए और चंडीगढ़ में 3 बीएचके का फ्लैट दिलाए। यौन शोषण का मुकदमा करने व अपने मायके अंबाला से रिश्तेदारों को बुलाकर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी। ये मांगें नहीं मानने पर होटल में पार्टनरशिप की मांग रखी। इसके लिए भी मना कर दिया तो सभापति पद से हटते ही मेरे खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दे दी। संदीप शर्मा के अनुसार 15 अक्टूबर को अज्ञात मेल से कंटेंट वायरल होने के अनुसंधान से पूरे षडयंत्र की सच्चाई सामने आएगी। फ्लैश बैक.. महिला ने पहले विधायक आक्या और डेढ़ महीने बाद पूर्व सभापति पर कराई थी एफआईआर… गत 15 अक्टूबर को अज्ञात मेल आईडी से मीडिया को फोटो वीडियो वायरल होने के बाद महिला ने इसके लिए विधायक आक्या को कसूरवार बताते हुए उनके सहित 3 जनों के खिलाफ एफआईआर करवाई। जिसमें आरोप लगाए व संदीप शर्मा का बचाव किया। शर्मा के सभापति पद से हटने के 4 दिन बाद शर्मा के खिलाफ 5 साल से यौन शोषण, जबरन शादी करने, बंधक बनाने जैसे आरोप लगाते हुए एफआईआर कराई। जिससे फेक वीडियो फोटो वायरल होने का आरोप झूठा साबित हो गया। शर्मा ने एफआईआर को हाईकोर्ट में चुनौती दी। कोर्ट ने 4 दिन पहले ही उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई। इस बीच नई एफआईआर से मामला रोचक हो गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *