भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक ने सोशल मीडिया पर मेट्रोमैनी साइट के माध्यम से दोस्ती कर एक युवती का अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। मामला 17 जनवरी 2023 का है जब पीड़ित युवती ने कुनकुरी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती के अनुसार, उसने वर्ष 2023 में अपनी शादी के लिए एक मेट्रोमैनी साइट पर अपना बायोडाटा अपलोड किया था। इसी दौरान उसकी दोस्ती बिहार के सारन जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले 27 वर्षीय युवक रोहित प्रसाद से हुई। दोनों के बीच फोन नंबर का आदान-प्रदान हुआ, जिसके बाद मोबाइल पर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। पीड़िता ने बताया कि 21 दिसंबर 2023 को आरोपी रोहित प्रसाद ने व्हाट्सएप कॉल के दौरान उसे बहका कर उसका अश्लील वीडियो बना लिया। युवती को इस घटना का एहसास होते ही उसने आरोपी से वीडियो को डिलीट करने का अनुरोध किया। लेकिन आरोपी ने उसकी बातों को नजरअंदाज कर उस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर कुनकुरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 509(ख), 67(ए) और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस को आरोपी की लोकेशन दिल्ली के सागरपुर में मिली, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए कुनकुरी लाया गया।


