भास्कर न्यूज | अमृतसर निगम कमिश्नर के निर्देश पर एमटीपी विभाग ने 65 दिन पहले 29 अवैध होटलों को चिन्हित कर बिजली-पानी-सीवरेज कनेक्शन काटे और अब पूर्व पार्षद पर बड़ी कार्रवाई की है। वहीं एमटीपी विभाग ने बिल्डिंग की सील तोड़कर निर्माण कार्य कराने के मामले में पूर्व कांग्रेस पार्षद शलिंदर सिंह शैली के खिलाफ थाना बी-डिवीजन में केस दर्ज कराया है। किसी पूर्व पार्षद पर ऐसा पहला केस है। एमटीपी विभाग के मुताबिक, बीते 11 अप्रैल को आबादी महंत लक्ष्मण दास सुल्तानविंड चौक में पूर्व पार्षद की ओर अवैध तौर पर बनाई बिल्डिंग को सील किया था, लेकिन सील तोड़कर निर्माण शुरू करा दिया। निगम कमिश्नर के निर्देश पर पूर्व पार्षद शैली पर केस दर्ज कराया। पूर्व पार्षद शैली ने कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया। शैली ने कहा कि एमटीपी विभाग की ओर से अब बैक डेट पर नोटिस तैयार कर भेजा जा रहा है। शहर में 300 अवैध बिल्डिंग बनने के मामले तो उनके नोटिस में हैं मगर इन पर निगम अफसर बड़े मेहरबान हैं। कई होटल तो निगम की जगह में बने हुए हैं, कितनी शिकायतें इन्हीं अफसरों के पास पड़ी हुई हैं मगर कार्रवाई जीरो है। पहले भी सील तोड़कर निर्माण कराने के मामले सामने आ चुके हैं। निगम कमिश्नर से लेकर उच्च अफसरों को शिकायतें भेजी जा चुकी हैं मगर कार्रवाई के नाम पर बिजली-पानी-सीवरेज कनेक्शन काट दिए गए। किसी के खिलाफ पर्चा दर्ज कराया हो तो बताएं। जिस बिल्डिंग का सील तोड़ने की बात कह रहे वो 4 साल पहले ही बनकर तैयार हो चुकी है। इतने दिन तक अफसरों ने कार्रवाई क्यों नहीं की। इन 4 साल में अवैध निर्माण या सील तोड़ने का पर्चा दर्ज कराया इसका निगम अफसरों के पास जवाब नहीं है। फिलहाल, आप सरकार में सिर्फ धक्केशाही चल रही है। इस कार्रवाई के खिलाफ हाईकोर्ट जाएंगे। वहीं निगम कमिश्नर ने कहा कि अवैध बिल्डिंगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। लोग निगम से नक्शा मंजूर करवा कर ही निर्माण शुरू करवाए। सील तोड़कर दोबारा निर्माण करवाने वालों के विरुद्ध सख्त करवाई की जाएगी। सीनियर एडवोकेट पीसी शर्मा ने बताया कि चील मंडी में बनाए जा रहे इनफा होटल को बीते अगस्त 2020 में सील किया गया था लेकिन नवंबर में खोल दिया गया। जिसकी शिकायत उच्च अफसरों से हुई। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 5 मंजिला होटल बनकर तैयार हो गया। पूर्व पार्षद की ओर से बनाई जा रही बिल्डिंग 11 अप्रैल को सील की थी।


