मारपीट मामले में तारीख मिस होने पर कोर्ट से पुलिस ने किया था गिरफ्तार

गोइंदवाल सेंट्रल जेल में हवालाती ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान लोहारका रोड स्थित गुमटाला कॉलोनी के रहने वाले पवनदीप सिंह उर्फ प्रिंस (25) के रूप में हुई है। डीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि 22 अप्रैल को हवालाती पवनदीप गोइंदवाल सेंट्रल जेल पहुंचा था, 2021 में अमृतसर के थाना सदर में मारपीट का केस दर्ज था। पवनदीप ने मंगलवार रात 11.15 बजे वार्ड के बाथरूम में चादर से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पवनदीप नशे का आदी था और ओट सेंटर की दवा का सेवन करता था। बुधवार सुबह मृतक के परिजन तरनतारन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने कागजी कार्रवाई करने के बाद पोस्टमार्टम वीरवार को होगा कहकर परिवार को भेज दिया। मृतक के पिता मंगल सिंह ने बताया कि उसके 2 बेटे और 2 बेटियां है। पवनदीप सबसे बड़ा था। 1 जनवरी 2020 में एक व्यक्ति के साथ बेटे का झगड़ा हुआ था, तो उसने अपने 3 दोस्तों के साथ मारपीट की थी। बेटे के खिलाफ थाना सदर में 1 मार्च 2021 में पर्चा दर्ज हुआ। उस वक्त बेटा 29 दिन जेल में बंद रहा, बाद में जमानत पर बाहर आ गया था। 2021 से वह जमानत पर चल रहा था, बस कोर्ट में तारीख भुगतने के लिए जाता था। मार्च 2025 की एक तारीख मिस हो गई थी। सोमवार को बेटा प्रिंस कोर्ट में तारीख पर गया था, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उसे थाना सदर में रखा फिर अगले दिन मंगलवार सुबह साढ़े 9 बजे छोटा बेटा उसे रोटी देने के लिए गया था। शाम को पवन का सिविल अस्पताल में मेडिकल हुआ, जहां दोबारा छोटा बेटा आधार कार्ड देने गया था। बस यहीं अंतिम मुलाकात थी। बुधवार सुबह उन्हें जेल से फोन आया कि उनके बेटे ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया है। पवन नशा करने का आदी था। वह टीके भी लगाता था। भाई लवप्रीत सिंह ने बताया कि 10 दिन पहले उसका भाई परेशान था। बस मरने जैसी बातें करता था। ऐसे वह मजदूरी का काम करता था, लेकिन आत्महत्या क्यों की, उसका कारण पता नहीं चला।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *