भास्कर न्यूज| महासमुंद नेशनल लोक अदालत का आयोजन 10 मई को जिला व समस्त तालुका स्थित न्यायालयों में होगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद के सचिव कु आफरीन बानो ने अपने विज्ञप्ति में बताया कि आगामी 10 मई को आयोजित होने वाले नेशनल लोक अदालत के तैयारियों के संबंध में जिला न्यायालय के वीडियो कान्फ्रेंसिंग कक्ष में प्री. लिटिगेशन प्रस्तुत करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली गई। बैठक में पूर्व आयोजित नेशनल लोक अदालत में प्रस्तुत किए गए प्री-लिटिगेशन प्रकरणों के निराकरण संबंधी जानकारी ली गई। वर्तमान में प्रस्तुत होने वाले प्रकरणों की समीक्षा की गई। नेशनल लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण पर चर्चा करते हुए जिले के समस्त न्यायालयों में लंबित राजीनामा योग्य सभी प्रकरणों की पक्षकारों से आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अधिकाधिक प्रकरणों को निराकृत करते हुए नेशनल लोक अदालत को सफल व लोगों के लिए सुलभ बनाने पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट महासमुंद, एसडीएम महासमुंद, महिला व बाल विकास विभाग, सिंचाई विभाग, जिला परिवहन, आबकारी, बिजली, नगर पालिका व जिला पंचायत महासमुंद के मनरेगा शाखा प्रभारी सहित महासमुंद आरक्षी केन्द्र प्रभारी मौजूद थे।


