राजधानी रांची सहित लगभग पूरा राज्य भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है। झारखंड के 24 में से 21 जिलों में अधिकतम पारा 40 डिग्री सेल्सियस या इसके पार पहुंच गया है। गुरुवार को आसमान मुख्यत साफ और मौसम शुष्क रहा। वहीं, बढ़ती गर्मी को देखते हुए झारखंड के सभी स्कूलों के समय में परिवर्तन कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी आसमान मुख्यत साफ और मौसम शुष्क बना रहेगा। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां और देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज में कहीं-कहीं पर गर्म और उमस भरे दिन की स्थिति बन सकती है। 40 या इसके पार पहुंचा तापमान झारखंड के 24 में से 21 जिलों में अधिकतम पारा 40 या इसके पार पहुंच गया है। जारी आंकड़े के मुताबिक देवघर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस हो गया है। इसी तरह धनबाद 41, दुमका 41, गिरिडीह 40, गोड्डा 42, जामताड़ा 41, पाकुड़ 42, साहिबगंज 41, कोडरमा का अधिकतम तापमान 41 डिग्री पर है। वहीं, चतरा 42, गढ़वा 42, लातेहार 40, लोहरदगा 40, पलामू 42, बोकारो 42, रामगढ़ 40, हजारीबाग 40, पूर्वी सिंहभूम 43, सरायकेला 43, पश्चिम सिंहभूम 43 और सिमडेगा का अधिकतम पारा 42 डिग्री सेल्सियस जा चुका है। KG से क्लास 8 तक के बच्चों की कक्षाएं सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक
वहीं, राज्य में बढ़ रही गर्मी को देखते हुए 26 अप्रैल से स्कूलों का समय बदल दिया जाएगा। KG से क्लास 8 तक के बच्चों की कक्षाएं सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक चलेगी। वहीं, क्लास 9 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 7 बजे से 12 बजे तक चलेगी। यह समय झारखंड के सभी कोटि के सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त/गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और सभी प्राइवेट स्कूलों में अगले आदेश तक लागू किया जाएगा। अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं
इधर, मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले 4 दिन इसमें धीरे-धीरे (3-6) डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। 26-28 तक कई जिलों में बारिश होने की संभावना 26 को देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। साथ ही तेज रफ्तार में हवा चल सकती है। 27 को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा को छोड़कर शेष हिस्सों में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। वहीं, 28 अप्रैल को राज्य के अनेक स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है। कैसा रहा पिछले 24 घंटे का मौसम
पिछले 24 घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस गुमला में दर्ज किया गया।


