विद्यालयों के छात्र- छात्राएं और शिक्षक लोगों को करेंगे नशा से होने वाले दुष्प्रभाव से जागरूक, जिले के 71 विद्यालयों में बनेगा क्लब

भास्कर न्यूज | जामताड़ा शिक्षा विभाग ने जिले को नशा मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए विद्यालयों को जिम्मेदारी सौंपी है। जिले के 71 विद्यालयों में 27 अप्रैल तक ‘प्रहरी क्लब’ का गठन किया जाएगा। क्लब की जानकारी शिक्षा विभाग एवं गूगल ऐप लिंक में अनिवार्य रूप से अपडेट की जाएगी। इस क्लब में कक्षा 9 से 12 तक के तीन सक्रिय छात्र, विद्यालय के प्रधानाचार्य और दो शिक्षक सदस्य होंगे। प्रहरी क्लब का मुख्य उद्देश्य मादक पदार्थों के सेवन के खिलाफ जनजागरूकता फैलाना है। क्लब के सदस्य अपने पोषक क्षेत्र में जाकर उन लोगों को चिन्हित करेंगे जो शराब, गुटखा, खैनी, सिगरेट या अन्य नशीली चीजों का सेवन करते हैं। चिन्हित व्यक्तियों को नियमित रूप से जागरूक किया जाएगा कि नशा किस प्रकार उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। हर तीन महीने में क्लब द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें रैली, पोस्टर, कविता, गीत-संगीत व अन्य सांस्कृतिक माध्यमों का उपयोग कर गांवों और समुदायों में संदेश फैलाया जाएगा। विद्यार्थी अपने अभिभावकों, बुजुर्गों और ग्रामीणों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव से अवगत कराएंगे। 71 विद्यालयों में 24 अप्रैल तक बनेंगे प्रहरी क्लब जिले के 118 पंचायतों में जागरूकता फैलाने के लिए 71 हाई स्कूल एवं प्लस टू विद्यालयों में ‘प्रहरी क्लब’ का गठन किया जा रहा है। इस समिति में कुल 71 प्राचार्य, 142 शिक्षक और 213 सक्रिय छात्र शामिल होंगे, जो मिलकर समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाएंगे। शिक्षा विभाग का मानना है कि विद्यार्थियों की भागीदारी से यह अभियान अधिक प्रभावशाली और दूरगामी होगा। इससे जहां एक ओर समाज में नशा मुक्ति की दिशा में सकारात्मक बदलाव आएगा, वहीं विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व की भावना भी विकसित होगी। विद्यालयों के माध्यम से शुरू की गई यह पहल जिले को नशामुक्त बनाने में मील का पत्थर साबित हो सकती है। पीएम श्री उच्च विद्यालय पट्टाजोरी क्लब का गठन पीएम श्री उच्च विद्यालय पट्टाजोरी में क्लब का गठन कर लिया गया है। इसमें अध्यक्ष प्राचार्य अनिमेष मंडल, सदस्य शिक्षक भावेश कुमार व अरुण कुमार सोरेन तथा सदस्य छात्र अभय दास, विनय कुमार मिर्धा और अजय कुमार रजक को सदस्य बनाया गया है। प्राचार्य अनिमेश मंडल ने कहा कि पोषक क्षेत्र में नशा मुक्त दूर करने में विद्यालय प्रहरी क्लब का गठन मिल का पत्थर साबित होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *