भास्कर न्यूज | जामताड़ा जामताड़ा जिले के स्वास्थ्य विभाग को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। जिले के तीन आयुष्मान आरोग्य मंदिर चंद्रदीपा, शिउलीबाड़ी और शहरडाल को एनक्यूएएस (राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक) प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है। जिले के चार आयुष्मान आरोग्य मंदिरों आसनचूआ, चंद्रदीपा, शिउलीबाड़ी और शहरडाल ने इस प्रमाणपत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। तीन चरणों इंटरनल, एक्सटर्नल और नेशनल स्तर पर कड़ी जांच एवं मूल्यांकन के बाद इनमें से तीन केंद्र एनक्यूएएस के मानकों पर खरे उतरे। इस सफलता पर स्वास्थ्य विभाग में उत्साह का माहौल है। सिविल सर्जन डॉ. आनंद मोहन सोरेन ने इसे जिले के लिए गर्व की बात बताते हुए कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने यह भी बताया कि अन्य जिलों और राज्यों से भी तकनीकी सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे यह उपलब्धि संभव हो सकी। आने वाले तीन महीनों में जिले के 12 और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को एनक्यूएएस प्रमाण के लिए तैयार किया जाएगा।


