भास्कर न्यूज | पबिया जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 दिसंबर को हुए आतंकी हमले में पर्यटकों की हत्या के विरोध में गुरुवार शाम पबिया में हिंदू समाज ने आक्रोश रैली निकाली। सैकड़ों लोग सड़कों पर उतरे। पाकिस्तान हाय-हाय, आतंकवाद मुर्दाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान पर हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया। आतंकी संगठनों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। रैली के बाद दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई। पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा जताते हुए उसका पुतला जलाया गया। लोगों ने कहा, अब वक्त आ गया है जब आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए निर्णायक कदम उठाए जाएं। हिंदू समाज के नेताओं ने कहा, धर्म के नाम पर की जा रही हत्याएं मानवता के खिलाफ अपराध हैं। इन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केंद्र सरकार से सख्त कार्रवाई और दोषियों को जल्द सजा दिलाने की मांग की गई। रैली में विश्व हिंदू परिषद, बीजेपी, बजरंग दल सहित कई संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली का नेतृत्व बजरंग दल प्रमुख कैलाश स्वर्णकार ने किया। सोनू सिंह, द्वारिका प्रसाद सिंह, राजेंद्र मंडल, शंभूनाथ, पप्पू मंडल, विजय, राजू मंडल, प्रदीप रजक, मुरलीधर सिंह शामिल हुए।


