सिलेंडर फटने से दो मंजिला मकान, स्कूटी व 2 बाइक जली, दीवारों पर दरार

शहर के कालिका नगर में गुरुवार दोपहर 3.50 बजे दो मंजिला मकान में रखा एलपीजी सिलेंडर अचानक फट गया। धमाके से मकान में भीषण आग लग गई। आग से मकान का आधे से ज्यादा हिस्सा जल गया। दीवारों पर दरार आ गई। घर में खड़ी स्कूटी और दो मोटरसाइकिल भी जल गईं। यह मकान फॉरेस्ट विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी गणेश राम सोनी का है। घटना के समय घर में उनका बड़ा बेटा गौरव सोनी और बहू मौजूद थे। दोनों ऊपरी मंजिल पर थे। धमाका होते ही दोनों ने भागकर जान बचाई। धमाके की आवाज से पूरा मोहल्ला दहल उठा। लोग घरों से बाहर निकल आए। आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। सूचना मिलने पर करीब सवा 4 बजे फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सिलेंडर किन कारणों से फटा, यह जांच के बाद ही पता चलेगा। कालिका नगर में जहां मकान में सिलेंडर फटा, वहां मोहल्ले की गली काफी संकरी है। सभी मकान लगभग आपस में जुड़े हुए हैं। यही कारण है कि धमाके से पूरा मोहल्ला गूंज उठा। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास 3-4 घरों की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए हैं। हादसे के दौरान लोग घवरा गए थे। दमकल विभागको सूचना दिए, आग बुझाई गई। हादसे के समय घर में गौरव व उसकी पत्नी मौजूद थे, जो मकान के ऊपरी हिस्से में थे। माता-पिता अपनी बड़ी बेटी के घर मुंगेली गए हुए थे। वहीं गौरव का छोटा भाई-बहू अपनी छोटी बहन के यहां गए थे। धमके से घर का निचला हिस्सा पूरी तरह से जल गया है। गनीमत है कि उस वक्त वहां कोई नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता। हादसे के बाद मोहल्लेवासियों की भीड़ जुट गई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *