भास्कर न्यूज | बालोद तहफ्फुज-ए-नामूस-ए-रि सालत एक्शन ट्रस्ट ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पर्यटन स्थल पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। ट्रस्ट ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ट्रस्ट ने कहा कि 22 अप्रैल को हुए इस हमले में 27 निर्दोष नागरिकों की जान गई। यह हमला देश की आंतरिक सुरक्षा और मानवता पर सीधा हमला है। ट्रस्ट ने मांग की कि इस हमले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच हो। दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए। पीड़ितों के परिवारों को उचित मुआवजा और सहायता मिले। पर्यटन स्थलों की सुरक्षा और मजबूत की जाए। ट्रस्ट ने कहा कि यदि इस हमले में किसी मुस्लिम नामधारी संगठन की भूमिका सामने आती है, तो यह स्पष्ट किया जाए कि इस्लाम का इससे कोई संबंध नहीं है। कुरआन के अनुसार किसी निर्दोष की हत्या पूरी मानवता की हत्या के समान है। इस्लाम शांति और मानवता का धर्म है। ऐसे अपराधियों को इस्लाम का अनुयायी नहीं माना जा सकता। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि कश्मीर की मस्जिदों से इस हमले की खुलकर निंदा की गई है। इससे साफ है कि यह हमला किसी धर्म का प्रतिनिधित्व नहीं करता, बल्कि यह इंसानियत के खिलाफ है। ट्रस्ट ने प्रधानमंत्री से अपील की कि इस ज्ञापन को गंभीरता से लिया जाए। दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों और देश में शांति बनी रहे।


