पाकुड़ जिले में बांसलोई नदी पर एक और पुल के निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया है। अमड़ापाड़ा प्रखंड के बासमती गांव के मेलाडंगाल के पास 528.59 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस पुल को लेकर दर्जनों ग्रामीणों ने डीसी को आवेदन सौंपा है। नरेश कांत शाह ने बताया कि प्रस्तावित पुल मुख्यमंत्री ग्रामसेतु योजना के तहत बासमती-धानजोड़ी के पास बनाया जाना है। यह स्थल सार्वजनिक मेला का आयोजन स्थल है, जहां सोहराय पर्व भी मनाया जाता है। यह गोचर भूमि है और 800 मीटर के दायरे में पहले से ही दो पुल मौजूद हैं। यह सरकारी धन का दुरुपयोग: ग्रामीण ग्रामीणों का कहना है कि यह सरकारी धन का दुरुपयोग है। उनका मानना है कि कुछ राजनीतिक संरक्षण प्राप्त लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए यह पुल बनाया जा रहा है। पुल निर्माण से दुर्गा पूजा मेले और अन्य सामाजिक आयोजनों में बाधा उत्पन्न होगी। आवेदन पर गौतम गोस्वामी, नीलम देवी, गोपाल गोस्वामी, मीरानंद भगत, संतु मंडल, कंचन कुमार, सुधा देवी, मीरा देवी समेत कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों ने डीसी से पुल निर्माण न करने की मांग की है।


