तालाब में डूबने से 2 भाइयों सहित 3 की मौत:गर्मी से बचने के लिए नहाने गए थे, तीनों मृतक एक ही परिवार के

धौलपुर में तालाब में डूबने से दो भाइयों सहित तीन बच्चों की मौत हो गई। बच्चे गर्मी से बचने के लिए तालाब में नहाने के लिए गए थे। हादसा शुक्रवार दोपहर एक बजे सरमथुरा थाना क्षेत्र में हुआ। मृतक एक ही परिवार के थे। सरमथुरा थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि धौलपुर-करौली नेशनल हाईवे पर छोटा तालाब (पोखर) बना हुआ है। तालाब में नहाने के लिए सेडपाडा सरमथुरा के रहने वाले एक ही परिवार के तीन बच्चे गए हुए थे। वहीं, पास में कुछ और लोग भी मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान तीनों बच्चे अरुण (12) पुत्र मनीष, प्रांशु (10) पुत्र केशव और हिमांशु (8) पुत्र केशव गहरे पानी में चले गए। बच्चों को पानी में डूबता देख स्थानीय लोगों ने उनके घर जाकर सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तीनों बच्चों को बाहर निकाल लिया। तालाब के पानी से बच्चों को बाहर निकालने के बाद सरमथुरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक प्रांशु और हिमांशु सगे भाई हैं। वहीं, अरुण उनके चाचा का लड़का है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई है, जिस सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कंटेंट: नाहर सिंह चौहान, सरमथुरा

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *