भास्कर न्यूज | सरायकेला सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत नांगटासाई गांव में नव विवाहिता 21 वर्षीय तारा कैवत ने कुएं में कूदकर जान दे दी। घटना बुधवार रात की है। गुरुवार को शाम घर के पास कुएं से महिला का शव बाहर निकला गया। शुक्रवार को सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम हुआ। बताया जा रहा है कि सरायकेला थाना अंतर्गत नांगटासाई गांव के विनोद कैवत नामक व्यक्ति के पुत्र मनोहर कैवत की शादी लगभग डेढ़ माह पूर्व 16 मार्च को पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगालीवासा की तारा कैवत के साथ हुई थी। शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था। बुधवार की रात मनोहर व तारा एक शादी समारोह में गए थे। रात लगभग 10:30 बजे के आसपास दोनों घर लौटे और सो गए। रात 12:00 बजे के आसपास मनोहर की नींद खुली तो बेड पर अपनी पत्नी को गायब पाया। वह बेड से उठकर दरवाजा की तरफ बढ़ा और दरवाजा खोलने लगा, परंतु दरवाजा बाहर से बंद किया हुआ था। उसने जोर-जोर चिल्लाकर दूसरे कमरे में सो रही अपनी मां को आवाज दी, तो मनोहर की मां ने दरवाजा खोला। उन्होंने रातभर आसपास के क्षेत्र में खोजबीन की और रात में ही मनोहर ने अपने ससुराल को भी फोन पर घटना की सूचना दी। उसके बाद दूसरे दिन गुरुवार को भी सभी सगे संबंधियों के यहां खोजबीन की गई, परंतु कहीं उसका पता नहीं चला। गुरुवार की शाम घर के पास स्थित अनउपयोगी कुएं में तारा कैवत का शव पानी में तैरते हुए पाया गया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर कुएं से शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले आयी। पुलिस इस संबंध में यूडी केस दर्ज करते हुए आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है।


